Bihar

NEET पेपर लीक को लेकर कटिहार में हंगामा, पुलिस-छात्रों में झड़प के बाद लाठीचार्ज

Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

कटिहार(KATIHAR):देश में इन दिनों NEET पेपर लीक का मुद्दा गरमाया हुआ है. देश के अलग-अलग राज्यों में इसे लेकर सरकार के खिलाफ छात्रों ने मोर्चा खोल रखा है. दिल्ली का जंतर-मंतर हो, झारखंड हो या बिहार, हर तरफ छात्रों की एक ही मांग है कि NEET पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें और सरकार इस पूरे मामले पर जवाब दे.

 पुलिस-छात्रों में झड़प के बाद लाठीचार्ज

इसी कड़ी में बिहार के कटिहार जिले में भी छात्रों का उग्र विरोध प्रदर्शन देखने को मिला.जहां छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया. इस दौरान डीएम कार्यालय और समाहरणालय कार्यालय का घेराव किया गया. हालात बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया.प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस वक्त तनावपूर्ण हो गई, जब छात्रों और पुलिस के बीच झड़प हुई. इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें कई छात्रों को चोटें आईं.वहीं, लाठीचार्ज के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और छात्र लाठीचार्ज से बचने के लिए इधर-उधर भागने लगे.

भारी पुलिस बल तैनात

अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक, हजारों छात्रों ने कटिहार डीएम कार्यालय और कलेक्ट्रेट कार्यालय का घेराव कर लिया था. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव भी शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने हालात को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया.वहीं, लाठीचार्ज के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है.बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि स्थिति को नियंत्रित किया जा सके. फिलहाल, लाठीचार्ज में घायल छात्रों की जानकारी जुटाई जा रही है. जिला प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है, ताकि कहीं भी कानून-व्यवस्था की स्थिति न बिगड़े.