Bihar

5 महीने से फरार टॉप-10 अपराधी साहेब पासवान गिरफ्तार, साथी भी चढ़ा पुलिस के हत्थे

Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer
5 महीने से फरार टॉप-10 अपराधी साहेब पासवान गिरफ्तार, साथी भी चढ़ा पुलिस के हत्थे

कैमूर(KAIMUR):कैमूर जिले की मोहनिया थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है.जहां गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस और एसटीएफ (STF) की संयुक्त टीम ने जिले के टॉप-10 कुख्यात अपराधियों की सूची में शामिल साहेब पासवान उर्फ गणेश पासवान को उसके एक सहयोगी के साथ गिरफ्तार कर लिया है.मामले की जानकारी देते हुए मोहनिया के एसडीपीओ गोपाल कृष्णा ने प्रेस वार्ता में बताया कि 22 तारीख की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि वांछित अपराधी अपने ठिकाने पर मौजूद है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने साहेब पासवान के घर पर छापेमारी की, जहाँ से साहेब पासवान और उसके साथी मुन्ना पासी को गिरफ्तार कर लिया गया.

 हत्या समेत 8 गंभीर मामलों का है आरोपी

एसडीपीओ ने बताया कि मुन्ना पासी मोहनिया थाना में दर्ज कांड संख्या 983/25 में वांछित था, जबकि कुख्यात साहेब पासवान कैमूर जिले के टॉप-10 अपराधियों में शामिल था और काफी समय से फरार चल रहा था.साहेब पासवान के आपराधिक इतिहास की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि उस पर कैमूर जिले के विभिन्न थानों में करीब 8 गंभीर मामले दर्ज है. इनमें हत्या के 4, आर्म्स एक्ट के 5 और डकैती का 1 मामला शामिल है.

गिरफ़्तारी के बाद हो रही है सख्ती से पूछताछ

पुलिस के अनुसार, साहेब पासवान का आपराधिक इतिहास साल 2015 से दर्ज है.वह पिछले 5-6 महीनों से लगातार फरार चल रहा था और बिहार एसटीएफ की टीम भी उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयासरत थी.छापेमारी के दौरान फिलहाल कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है. पुलिस गिरफ्तार दोनों अपराधियों से आगे की योजना और अन्य संलिप्तताओं के बारे में गहन पूछताछ कर रही है, जिसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा.