Bihar

थोड़ी शर्म कर लो! बच्चियों से स्कूल में छेड़खानी कर रहे थे मास्टर जी,लोगों को लगी भनक तो कर दिया ये हाल

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

टीएनपी डेस्क(TNP DESK):हमारे देश और हमारे धर्म में गुरुओं को भगवान से भी ऊंचा दर्जा दिया गया है. कहा जाता है कि यदि भगवान और गुरु दोनों सामने खड़े हों, तो सबसे पहले गुरु को ही प्रणाम करना चाहिए, क्योंकि भगवान क्या हैं और क्यों हैं, इसका ज्ञान भी गुरु ही देते हैं. लेकिन बदलते दौर और कलयुग में ऐसे गुरु और शिक्षक भी सामने आ गए हैं, जो गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को भी शर्मसार करने से पीछे नहीं हट रहे हैं. देश के अलग-अलग राज्यों से आए दिन समाचार पत्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से ऐसे कलयुगी गुरुओं की हरकतें सामने आती रहती हैं, जहां कभी गुरु बच्चों के साथ छेड़छाड़ करते हैं तो कभी सरकारी स्कूल में ही हैवानियत की सारी हदें पार कर देते हैं. ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला बिहार के कटिहार जिले से सामने आया है, जहां एक सरकारी शिक्षक पर स्कूल में शर्मनाक हरकत करने का आरोप लगा है.

पढ़िए कहां का है पूरा मामला

आपको बता दें कि यह पूरा मामला बिहार के कटिहार जिले के आजमनगर थाना क्षेत्र स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, दक्षिण टोला का है. आरोप है कि स्कूल के एक शिक्षक बच्चों को पढ़ाने के बहाने अश्लील हरकतें करने लगे, जिससे छात्राएं असहज महसूस करने लगीं. बच्चों का कहना है कि मास्टर जी आए दिन उनके साथ गंदी हरकतें करते थे और जानबूझकर अश्लील शब्दों का इस्तेमाल भी करते थे. जब बात हद से आगे बढ़ गई, तब बच्चों ने अपने घरवालों को इसकी जानकारी दी. इसके बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा. गुस्साए परिजन स्कूल पहुंचे और शिक्षक की जमकर पिटाई कर दी.

आए दिन अश्लील हरकतें करते मास्टर जी

लड़कियों का कहना है कि मास्टर जी स्कूल में आए दिन उनके साथ अश्लील और आपत्तिजनक हरकतें करते थे. वह जानबूझकर ऐसे विषय पढ़ाते थे, जिनमें आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल कर सकें. वह पीरियड्स और किशोरावस्था में शरीर में होने वाले बदलावों से जुड़े अध्याय पढ़ाते थे और इस दौरान बच्चों को गलत नजर से भी देखते थे. जब घरवालों को इसकी भनक लगी, तो वे आक्रोशित होकर स्कूल पहुंचे और शिक्षक की जमकर धुनाई कर दी. इसके बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया. कुछ देर के लिए स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

डर से कुछ घर में नहीं बोल रही थीं लड़कियाँ

ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षक नाबालिग छात्र-छात्राओं के साथ अनुचित व्यवहार कर रहा था, लेकिन डर की वजह से कोई कुछ नहीं कह पा रहा था. वहीं, आरोपी शिक्षक शकीलुर रहमान ने सभी आरोपों को झूठा बताया. उनका कहना है कि वह विज्ञान के शिक्षक हैं और किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक परिवर्तन, प्राकृतिक विकास और मासिक धर्म से जुड़े अध्याय सभी छात्र-छात्राओं को एक साथ पढ़ा रहे थे. बिना पूरी बात सुने उनके साथ मारपीट की गई. सूचना मिलते ही आजमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शिक्षक को भीड़ से सुरक्षित निकालकर थाने ले गई.

प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकारी ने दिया जांच के आदेश

इस पूरे मामले पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अल्ताफ अहमद ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. यदि जांच में शिक्षक दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. वहीं, थाना अध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि अब तक इस मामले में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. मामला सरकारी स्कूल से जुड़ा होने के कारण इसकी सूचना प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को भेज दी गई है, जिसकी प्रति प्रखंड विकास पदाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी को भी भेजी गई है. विभाग से जांच प्रतिवेदन और आवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

TagsBihar