जहानाबाद (BIHAR) : जहानाबाद के मखदुमपुर अंचल कार्यालय में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अमीन को 5 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. जमीन की नापी कराने के बदले रिश्वत मांगने की शिकायत सही मिलने के बाद टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को दबोच लिया.
निगरानी टीम ने रिश्वत की पूरी राशि भी बरामद कर ली
गिरफ्तार अमीन की पहचान अनिल कुमार सिंह के रूप में हुई है. निगरानी टीम ने कार्रवाई के दौरान रिश्वत की पूरी राशि भी बरामद कर ली. इस अभियान का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक राम चौधरी ने किया. जानकारी के अनुसार, गया जिले के बेलागंज निवासी विमलेश कुमार उर्फ राखी वर्मा ने अपनी 26 डिसमिल जमीन की नापी के लिए 5 फरवरी को ऑनलाइन आवेदन किया था.
अमीन ने जमीन की नापी कराने के बदले मांगे 5 हजार
आरोप है कि आवेदन के बावजूद लंबे समय तक नापी का कार्य नहीं किया गया. बाद में अमीन ने जमीन की नापी कराने के बदले 5 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की. बार-बार पैसे की मांग से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से संपर्क किया. शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई गई.
ACB ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रंगे हाथ धर दबोचा
मखदुमपुर अंचल कार्यालय के रिकॉर्ड रूम में जैसे ही शिकायतकर्ता ने तय राशि अमीन को सौंपी, पहले से घात लगाए बैठी निगरानी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पटना ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ के बाद भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी किसी भी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी शिकायत तुरंत ब्यूरो से करें. शिकायत सही पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
