Bihar

खुशी-खुशी पत्नी संग मनाई शादी की सालगिराह, फिर अचानक ऐसा क्या हुआ कि चौथी मंजिल से गिरकर हो गई मौत, पढ़े

Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer
खुशी-खुशी पत्नी संग मनाई शादी की सालगिराह, फिर अचानक ऐसा क्या हुआ कि चौथी मंजिल से गिरकर हो गई मौत, पढ़े

जमुई(JAMUI):बिहार के जमुई जिले से एक बहुत ही हैरान करने वाली खबर सामने आई, जहां शादी की सालगिरह मनाने के महज 8 दिन के बाद ही एक युवक की रहस्यमयी तरीके से चौथी मंजिल से गिरने के बाद उसकी मौत हो गई. बताया जा रहा है कि युवक ने पहली पत्नी के रहते हुए दूसरी महिला से शादी की थी. वहीं सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यह है कि इस युवक की मौत के बाद उसके दोस्त को भी अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी, जिसकी हालत गंभीर है.

दो शादी की बात का खुलासा

बताया जा रहा है कि दीपक ने पहली शादी लक्ष्मीपुर के गौरा गांव निवासी काजल कुमारी से की थी, जिनका ढाई साल का एक बेटा और 7 महीने की एक बेटी है लेकिन एक बार फिर दीपक का दिल तब धड़क उठा जब उसने सीमा कुमारी को देखा. बताया जा रहा है कि सीमा कुमारी झारखंड के बेंगाबाद में एक माइक्रोफाइनेंस कंपनी में काम करती है. परिजनों का कहना है कि दीपक ने पहली पत्नी से अपनी दूसरी शादी की बात नहीं छुपाई थी, ना ही दूसरी पत्नी से पहली पत्नी और बच्चों के बारे में कुछ छुपाया था.वह दोनों पत्नियों के बीच संतुलन बनाकर एक खुशहाल जीवन जी रहा था. दूसरी शादी के बाद भी वह पहली पत्नी और दोनों बच्चों की जिम्मेदारी बखूबी निभाता था, वह किसी तरह की कोई भी गैर-जिम्मेदाराना हरकत नहीं करता था.

19 जून को मनाया था शादी की सालगीराह

जानकारी के मुताबिक 19 जून 2026 को दीपक ने दूसरी पत्नी सीमा कुमारी के साथ अपनी शादी की सालगिरह मनाई, जिसकी तस्वीरें उसने सोशल मीडिया पर पोस्ट भी की थीं, जो अब वायरल हो रही है. इस जश्न के दौरान दीपक के परिजन और उसका दोस्त रॉकी भी मौजूद था. बताया जा रहा है कि शादी की सालगिरह मनाने के बाद दीपक ने अपनी दूसरी पत्नी सीमा को जमुई रेलवे स्टेशन पर छोड़ा, जहां से वह बेंगाबाद के लिए रवाना हो गई. इसके 8 दिन बाद अचानक दीपक की चौथी मंजिल से गिरने से रहस्यमयी तरीके से मौत हो गई.

दोस्त ने चौथी मंजिल से गिरने को लेकर बताई बात

जानकारी के मुताबिक दीपक के दोस्त रॉकी ने बताया कि घटना वाली रात वे एक तिलक समारोह में गए थे.जब वापस आए तो घर का दरवाजा नहीं खुल रहा था, तो दीपक पाइप के सहारे घर में घुस गया और रसोई की खिड़की के सहारे दरवाजा खोलने की कोशिश की, इसी दौरान उसका पैर फिसल गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई.इस घटना में सबसे परेशान करने वाली बात यह है कि दीपक का दोस्त सूरज उसकी मौत की खबर सुनकर अस्पताल पहुंचा था, जहां से निकलते ही अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग कर दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है.

पढ़े मामले पर पुलिस ने क्या कहा है

इस मामले में एसडीपीओ सतीश सुमन ने बताया कि सीसीटीवी के आधार पर प्रथम दृष्टया यह मामला बिल्डिंग से गिरने से हुई मौत का प्रतीत होता है, लेकिन पुलिस सभी अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है.वहीं सूरज कुमार पर हुई फायरिंग और दीपक की मौत को भी जोड़कर देखा जा रहा है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सके.