Bihar

जमुई: मां के सामने ही ट्रेन से गिरे दो मासूम भाई-बहन, दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

जमुई (JAMUI): बिहार के जमुई जिले से सोमवार को एक हृदय विदारक घटना सामने आई, जहां किउल-जमुई रेलखंड पर मलयपुर थाना क्षेत्र के तीन पुलिया के समीप ट्रेन से दो सगे भाई बहनों की गिरकर दर्दनाक मौत हो गई. इस हादसे का सबसे भयावह मंजर तब देखने को मिला, जब मां के सामने ही दोनों बच्चों ने ट्रेन से गिरकर दम तोड़ दिया. एक मां के सामने ही पूरी दुनिया उजड़ गई. वहीं, इस घटना के बाद जहां आसपास के लोगों में कोहराम मच गया, तो वहीं परिवार का भी रो-रोकर बुरा हाल है. बताया जा रहा है कि घटना पोल संख्या 393/33 और 393/34 के बीच हुई है.

ट्रेन के गेट पर खड़े थे दोनों बच्चे

मृतकों की पहचान खैरा थाना क्षेत्र के डूंगरकोला निवासी गणेश रविदास की 16 साल की बेटी करिश्मा कुमारी और 9 साल के बेटे विशाल कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि करिश्मा उत्क्रमित उच्च विद्यालय देवचक में नौवीं की छात्रा थी, जबकि विशाल तीसरी कक्षा का छात्र था. जानकारी के मुताबिक, दोनों बच्चे अपनी मां सीमा देवी के साथ पटना से ट्रेन पकड़कर अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान ट्रेन जब मलयपुर थाना क्षेत्र के देवचक गांव के पास पहुंची, तो दोनों भाई-बहन बोगी के गेट के पास खड़े होकर अपने घर की ओर देख रहे थे. इसी दौरान अचानक उनका बैलेंस बिगड़ गया और ट्रेन से नीचे दोनों भाई-बहन गिर गए. ट्रेन की चपेट में आने से दोनों की मौत हो गई.

शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है

सूचना जैसे ही मलयपुर थाना पुलिस और जीआरपी को मिली, मलयपुर थाना की एसआई स्वाति कुमारी मौके पर पहुंचीं. वहीं, दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों बच्चों के पिता गणेश रविदास अपने गांव में नहीं रहते, बल्कि बेंगलुरु में रहकर मजदूरी करते हैं. वहीं, बच्चों की मां सीमा देवी अपने दोनों बच्चों के साथ मायके रविदास टोला, देवचक में रहती हैं और अपने बुजुर्ग मां-बाप की देखभाल भी करती हैं. वहीं, इस हादसे के बाद अब परिवार में मातम का माहौल है.

पढिए मामले पर पुलिस ने क्या बताया है

इस मामले में मलयपुर थाना अध्यक्ष शेखर सौरभ ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया ट्रेन की चपेट में आने से मौत हुई है. गवाहों और परिजनों ने ट्रेन से गिरने की बात बताई है, लेकिन मौत की असल वजह का खुलासा करने के लिए दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जमुई भेजा गया है. पीड़ित परिवार की ओर से कोई आवेदन नहीं मिला है. आवेदन मिलने के बाद जांच शुरू की जाएगी.

TagsBihar