जमुई (JAMUI): बिहार के जमुई जिले में अंधविश्वास के नाम पर हैवानियत की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. चरकापत्थर थाना क्षेत्र के थमहन गांव में नौ वर्षीय बच्चे की बीमारी से मौत के बाद एक महिला पर डायन होने का आरोप लगाकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई. आरोप है कि ग्रामीणों ने महिला को घर से जबरन उठाकर नदी किनारे ले जाकर पहले लाठी-डंडों से पीटा और फिर टांगी व कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी जान ले ली. वारदात के बाद आरोपियों ने महिला के शव को मृत बच्चे के शव के साथ एक ही गड्ढे में दफना दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
मृत बच्चे की पहचान श्रवण मिस्त्री के नौ वर्षीय पुत्र शिवम कुमार के रूप में हुई है. वहीं, मृत महिला की पहचान जैना मिस्त्री की पत्नी कुसुम देवी उर्फ दया देवी के रूप में की गई है. बताया जाता है कि शिवम लंबे समय से बीमार था और उसका इलाज पटना में चल रहा था. बाद में जमुई में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. बच्चे की मौत के बाद उसके परिजनों और कुछ ग्रामीणों ने कुसुम देवी पर जादू-टोना करने और डायन होने का आरोप लगाना शुरू कर दिया. इसी अंधविश्वास के चलते महिला को निशाना बनाया गया.
आरोप है कि देर रात करीब 10 बजे 20 से 25 लोग महिला के घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए उसे जबरन उठाकर गांव के समीप नदी किनारे ले गए. वहां महिला की लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई की गई. इसके बाद टांगी और कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई. हत्या के बाद आरोपियों ने गड्ढा खोदकर महिला के शव को बच्चे के शव के साथ दफना दिया. घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही चरकापत्थर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की. काफी खोजबीन के बाद नदी किनारे खोदे गए गड्ढे से दोनों शवों को बरामद किया गया. इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, जमुई भेजा गया. जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई.
मामले में कुंवर मिस्त्री की पत्नी रंजू देवी ने चरकापत्थर थाने में आवेदन देकर गांव के ही टिंकू शर्मा, पीनू शर्मा, मुकेश शर्मा, चंदन शर्मा, कामदेव मिस्त्री, कुंदन शर्मा और नीतीश कुमार समेत एक दर्जन नामजद तथा अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
झाझा एसडीपीओ राजेश कुमार ने घटना और नौ आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. इधर, महिला की हत्या के बाद उसके परिवार में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. अंधविश्वास के नाम पर हुई इस जघन्य वारदात ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में डायन-बिसाही जैसी कुप्रथाओं के खिलाफ जागरूकता की जरूरत को उजागर कर दिया है.
