Bihar

शिक्षक को दबंगों ने घेर कर पीटा,पुलिस ने केस लेने से किया इनकार,वीडियो हुआ वायरल

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

जमुई (JAMUI) : बिहार के जमुई जिले में एक सरकारी शिक्षक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. घटना झाझा प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय ताराकुरा की बताई जा रही है. विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक कर्मशील कुमार ने कुछ ग्रामीणों पर उनके साथ मारपीट करने, मोबाइल छीनने और विद्यालय के अभिलेखों को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है. घटना 10 अगस्त की बताई गई है. मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

घेरकर लाठी-पत्थर से मारपीट की

पीड़ित शिक्षक कर्मशील कुमार के अनुसार, घटना के समय विद्यालय में मध्याह्न भोजन चल रहा था. इसी दौरान एक छात्रा कार्यालय से फुटबॉल लेकर जा रही थी. शिक्षक ने उसे फुटबॉल ले जाने से रोक दिया. आरोप है कि इसके बाद छात्रा के परिजन और कुछ अन्य लोग विद्यालय पहुंच गए. शिक्षक का कहना है कि वहां उनके साथ विवाद शुरू हो गया और फिर लोगों ने उन्हें घेरकर लाठी-पत्थर से मारपीट की.शिक्षक ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उनका मोबाइल भी छीन लिया गया. इसके अलावा विद्यालय में रखे कुछ जरूरी अभिलेखों को भी क्षतिग्रस्त किया गया. घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बना लिया जो अब सामने आया है.

शिकायत लेकर थाने पहुंचे

पीड़ित शिक्षक का पुलिस पर भी गंभीर आरोप है. उनका कहना है कि घटना के बाद वह शिकायत लेकर थाने पहुंचे थे, लेकिन वहां करीब डेढ़ घंटे तक बैठाने के बाद उन्हें वापस भेज दिया गया और प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई. इसके बाद उन्होंने मामले की सूचना एसडीपीओ को दी और थाने के ई-मेल पर अपना आवेदन भेजा. प्रभारी एसडीपीओ विकास केशव ने कहा कि मामले की जानकारी ली जाएगी और प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) ने घटना की जानकारी नहीं मिलने की बात कही है.फिलहाल शिक्षक द्वारा लगाए गए आरोपों और वायरल वीडियो के बाद मामला चर्चा में है. पुलिस की जांच और कार्रवाई के बाद घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

 

TagsBihar