Bihar

जमुई में खेत में गिरे बिजली तार की चपेट में आए बुजुर्ग किसान, करंट लगने से मौत

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

जमुई (JAMUI): बिहार के जमुई जिले में बिजली के तार की चपेट में आने से एक बुजुर्ग किसान की जान चली गई. घटना सदर प्रखंड के लखनपुर गांव की है, जहां खेत में गिरे बिजली के तार में करंट प्रवाहित हो रहा था. इसकी चपेट में आने से 71 वर्षीय किसान जीतन मंडल की मौत हो गई. घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए.

जानकारी के अनुसार, जीतन मंडल खेती-किसानी कर अपने परिवार का जीवनयापन करते थे. वह खेत की ओर गए हुए थे, जहां जमीन पर बिजली का तार गिरा हुआ था. इसी दौरान वह करंट प्रवाहित तार के संपर्क में आ गए. बिजली का तेज झटका लगने से उनकी स्थिति गंभीर हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्य और आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे.

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा 

हादसे की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और किसान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई गई.

जीतन मंडल की अचानक हुई मौत से परिवार में शोक का माहौल है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, इस घटना को लेकर गांव के लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी भी देखने को मिली.

ग्रामीणों ने बिजली व्यवसथा पर उठाए सवाल 

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि ग्रामीण क्षेत्रों और खेतों के आसपास बिजली के तारों की स्थिति पर नियमित ध्यान नहीं दिया जा रहा है. उनका कहना है कि यदि खेत में गिरे तार को समय रहते हटा दिया जाता या संबंधित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति तत्काल बंद कर दी जाती, तो किसान की जान बच सकती थी.

जर्जर और लटकते तारों को ठीक करने की मांग 

घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग से क्षेत्र में बिजली लाइनों की जांच कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि खेतों के ऊपर से गुजरने वाले जर्जर, खुले या नीचे लटक रहे तार गंभीर हादसों का कारण बन सकते हैं. ऐसे में विभाग को समय-समय पर निरीक्षण कर खराब तारों और अन्य विद्युत उपकरणों को दुरुस्त करना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.

 

TagsBihar