जमुई (JAMUI): बिहार के जमुई जिले में छात्रा से कथित छेड़खानी और अभद्र व्यवहार के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी नंदन यादव को मुठभेड़ के दौरान गोली मार दी. पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान नंदन के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. घटना के बाद इलाके में पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है. पुलिस के अनुसार, छात्रा के साथ हुई कथित घटना में नंदन यादव की मुख्य भूमिका सामने आई थी. मामले को लेकर पुलिस ने कुल सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी. इनमें से तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि नंदन यादव समेत अन्य आरोपियों की तलाश जारी थी.
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी नंदन यादव जमुई में ही छिपा हुआ है. जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने मड़वा पहाड़ी इलाके में उसकी तलाश शुरू की. पुलिस का दावा है कि टीम ने आरोपी को घेर लिया और उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा. पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान नंदन वहां से भागने की कोशिश करने लगा. उसे रोकने के लिए पुलिस ने गोली चलाई, जो उसके पैर में लगी. गोली लगने के बाद आरोपी मौके पर गिर गया और पुलिस ने उसे पकड़ लिया.
पुलिस ने घायल नंदन यादव को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. फिलहाल उसका उपचार चल रहा है. पुलिस मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के साथ-साथ फरार आरोपियों की तलाश भी कर रही है. इस मामले में एक अन्य आरोपी हरेराम के फरार होने की जानकारी सामने आई है. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. पुलिस का कहना है कि छात्रा से जुड़ी घटना की जांच जारी है और मामले में सामने आए सभी तथ्यों और आरोपों की पुष्टि की जा रही है. पुलिस कार्रवाई के दौरान वास्तव में क्या परिस्थितियां बनीं, इसे लेकर भी जांच की जा रही है.
