बाढ़ (BIHAR) : पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के उमानाथ मंदिर के पास एक होटल में बारातियों और स्थानीय लोगों के बीच जमकर मारपीट हुई. इस घटना में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है.
दोनों पक्षों के बीच मारपीट
जानकारी के अनुसार, हरनौत से एक बारात कुंदन होटल में आई थी. करीब 200 लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई थी. बताया गया कि 127 बाराती खाना खा चुके थे. इसी दौरान होटल के पास गुलाबबाग के कुछ स्थानीय लोगों से किसी बात को लेकर बारातियों का विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थानीय लोगों ने अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया. इसके बाद कई लोग होटल में घुस गए और खाना खा रहे बारातियों के साथ मारपीट करने लगे. आरोप है कि होटल संचालक और कुछ अन्य लोगों ने भी हलवाई का छनौठा और अन्य सामान उठाकर बारातियों पर हमला कर दिया. अचानक हुई इस घटना से होटल में अफरा-तफरी मच गई. लोग खाना छोड़कर इधर-उधर भागने लगे. करीब आधे घंटे तक सड़क और होटल परिसर में हंगामा चलता रहा.
सूचना मिलने पर बाढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल भेजा. गंभीर रूप से घायल शशि शिंदे को बेहतर इलाज के लिए बिहारशरीफ रेफर किया गया.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस
स्थानीय लोगों का कहना है कि उमानाथ मंदिर के आसपास स्थित होटलों में बाहरी लोगों के साथ विवाद और मारपीट की घटनाएं पहले भी होती रही हैं. एक होटल संचालक ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि घटना रात करीब दो बजे हुई. पुलिस की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची थीं, लेकिन तब तक संबंधित होटल संचालक होटल बंद कर जा चुका था. फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और विवाद की असली वजह का पता लगाने में जुटी है.
