बाढ़(BADH): बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन पर बुधवार आधी रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो और लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा बाढ़ अनुमंडल के मोकामा थाना क्षेत्र में बिहारी बीघा टोल प्लाजा से करीब चार से पांच किलोमीटर आगे हुआ. यहां तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
पटना से कटिहार जा रहे थे तीनों
मिली जानकारी के अनुसार, तीनों लोग पटना के पाटलिपुत्र स्टेशन से टूर एंड ट्रैवल्स के जरिए मारुति सेलेरियो कार बुक कर कटिहार जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में उनकी कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई. हादसे के वक्त कार अनूप कुमार चला रहे थे. टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों की मदद के लिए आगे आए.
अस्पताल में एक की मौत, दो पटना रेफर
हादसे में डेहरी ऑन सोन निवासी मनीकांत कुमार (41) की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं पटना के गायघाट निवासी अनूप कुमार (25) और डेहरी ऑन सोन के अभिषेक सहाय (41) गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया. यहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया.
वहीं, मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया गया है. परिजनों के पहुंचने के बाद शव सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. घटना के बाद मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है.