Bihar

आधी रात मौत बनकर ढहा आशियाना: मलबे में दबा पूरा परिवार,जानिए कहां का है मामला

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

औरंगाबाद (ORANGABAD): बिहार के औरंगाबाद जिले में गुरुवार की मध्य रात्रि दर्दनाक हादसा हो गया. ओबरा थाना क्षेत्र के सिंहुड़ी गांव में एक पुराना मिट्टी का मकान अचानक ढह गया. उस समय मकान के अंदर एक महिला अपने चार बच्चों के साथ सो रही थी. मकान गिरने से परिवार के सभी पांच सदस्य मलबे के नीचे दब गए. हादसे में 12 वर्षीय बबली कुमारी की जान चली गई, जबकि चार अन्य सदस्य घायल हो गए.

तेज आवाज सुनकर मदद के लिए दौड़े ग्रामीण 

रात के समय परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे. इसी दौरान मिट्टी के पुराने मकान की दीवार और छत अचानक गिर गई. देखते ही देखते कमरे का बड़ा हिस्सा मलबे में बदल गया और अंदर मौजूद पांचों लोग उसकी चपेट में आ गए.

मकान गिरने की तेज आवाज और परिवार के लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास रहने वाले ग्रामीण मौके पर पहुंचे. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लोगों ने तत्काल मलबा हटाना शुरू किया. काफी प्रयास के बाद उसमें फंसे परिवार के सभी सदस्यों को बाहर निकाला गया.

अस्पताल में बबली को डॉक्टरों ने किया मृत घोषित 

मलबे से निकाले जाने के बाद घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद पहुंचाया गया. अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने 12 वर्षीय बबली कुमारी को मृत घोषित कर दिया. वहीं हादसे में घायल पूनम देवी, नंदनी कुमारी, रिमी कुमारी और कुंदन कुमार का उपचार शुरू किया गया. घायलों में नंदनी कुमारी की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. डॉक्टर उसकी सेहत पर लगातार नजर रख रहे हैं. अन्य घायलों का भी अस्पताल में इलाज चल रहा है. अचानक हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

सिंहुड़ी गांव में पसरा मातम 

बबली कुमारी की मौत की सूचना फैलते ही सिंहुड़ी गांव का माहौल गमगीन हो गया. एक ही परिवार के पांच लोगों के मकान के मलबे में दबने की घटना ने ग्रामीणों को भी झकझोर दिया. हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए. स्थानीय लोगों की तत्परता के कारण मलबे में फंसे परिवार के सदस्यों को जल्द बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया जा सका.

 

TagsBihar