Bihar

शादी के छ: महीने बाद ही घर छोड़ चली गई पत्नी, अब 48 साल बाद लौटी तो पति हुआ भावुक

Varsha Varma CE
Varsha Varma CE
Copy Editor

पटना(PATNA):  48 साल, एक लंबा इंतजार, लेकिन पटना के बख्तियारपुर गांव में वह पल आखिरकार आ ही गया, जब ललन मिश्रा की पत्नी निर्मला देवी 48 साल बाद ससुराल लौटीं. ललन मिश्रा की आंखों में वर्षों का दर्द और इंतजार आज खुशी के आंसुओं में बदल गया. गांव पूरा खुशियों से भर गया और लंबे समय बाद घर में रौनक लौट आई.

ललन मिश्रा ने भावुक होते हुए बताया कि उनकी शादी मार्च 1977 में निर्मला देवी से हुई थी. शादी के मात्र छह महीने बाद ही उनकी पत्नी अपने मायके दरभंगा चली गईं और फिर कभी वापस ससुराल नहीं लौटीं. उस समय से ही ललन मिश्रा उन्हें हर जगह ढूंढते रहे और मानसिक रूप से बेहद कठिन दौर से गुजरे. उन्होंने यहां तक बताया कि पत्नी के इंतजार में उन्होंने अपनी नौकरी तक छोड़ दी थी और कई महीनों तक मानसिक तनाव में जीवन बिताया.

दूसरी ओर, निर्मला देवी ने बताया कि ससुराल पक्ष के कुछ लोगों की गलत बातों और दबाव के कारण उन्हें घर छोड़ना पड़ा था. इसके बाद वे अपने मायके में रहने लगीं. बाद में उनके पिता ने उन्हें नागपुर में एक सरकारी स्कूल में नौकरी दिला दी, जहां उन्होंने अपने जीवन को आगे बढ़ाया. वर्तमान में वह अपने दो बेटों के साथ रहती हैं, जिनमें एक इंजीनियर है और दूसरा पढ़ाई कर रहा है.

वापसी के समय निर्मला देवी ने अपने हाथ पर बना पुराना गोदना दिखाया, जिसे देखकर परिवार भी भावुक हो गया. बताया जाता है कि ससुराल आने से पहले उन्होंने बख्तियारपुर थाने में भी संपर्क कर अपने पति के बारे में जानकारी ली थी.

इस लंबे अंतराल के बाद हुआ मिलन अब गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है. वर्षों बाद परिवार में लौटी खुशियों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि रिश्तों की डोर समय के साथ कमजोर नहीं होती, बल्कि कई बार और मजबूत हो जाती है.

 

TagsBihar