Bihar

बाढ़ के खतरे के बीच रेलवे अलर्ट, ट्रैक-पुलों की निगरानी बढ़ी

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

BIHAR NEWS: नेपाल में लगातार हो रही भारी बारिश और बाढ़ का असर बिहार के सीमावर्ती इलाकों पर पड़ने की आशंका बढ़ गई है. खासकर गंडक नदी के जलग्रहण क्षेत्र में पानी की स्थिति बदलने के बाद पूर्व मध्य रेलवे का समस्तीपुर रेल मंडल सतर्क हो गया है. रेलवे ने संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए संवेदनशील रेलखंडों पर निगरानी तेज कर दी है.

चंपारण प्रशासन के संपर्क में रेलवे 

समस्तीपुर मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने पूर्वी और पश्चिमी चंपारण के जिला प्रशासन से समन्वय बढ़ाने को कहा है. नेपाल से आने वाले पानी के कारण नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने की स्थिति में रेलवे और स्थानीय प्रशासन के बीच तुरंत सूचना साझा की जाएगी. इसका उद्देश्य रेलवे ट्रैक और पुलों से जुड़े किसी भी संभावित खतरे पर समय रहते कार्रवाई करना है.

ट्रैक और पुलों पर बढ़ाई गई निगरानी

रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग को अलर्ट मोड में रखा गया है. ट्रैकमैन और अन्य कर्मचारियों को संवेदनशील स्थानों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं. रेलवे ट्रैक के आसपास जलजमाव, मिट्टी का कटाव, पुल-पुलियों पर पानी का दबाव या नदी के तेज बहाव जैसी स्थिति सामने आने पर तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देने को कहा गया है.

खतरा दिखा तो नियंत्रित होगा ट्रेन परिचालन 

यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रेलवे ने तय किया है कि ट्रैक या पुल की सुरक्षा प्रभावित होने की आशंका पर ट्रेन परिचालन को तुरंत नियंत्रित किया जाएगा. जरूरत पड़ने पर संबंधित रेलखंड पर ट्रेनों को रोका भी जा सकता है. रेलवे अधिकारी राज्य के बाढ़ नियंत्रण विभाग के साथ भी संपर्क बनाए रखेंगे.

गंडक में गिरावट के बाद फिर बढ़ा बहाव 

गंडक नदी के जलप्रवाह में तेजी से उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया है. बुधवार रात बहाव करीब 1.50 लाख क्यूसेक के स्तर तक पहुंचने के बाद सुबह पांच बजे घटकर 79,700 क्यूसेक रह गया था. इसके बाद पानी फिर बढ़ने लगा. सुबह नौ बजे जलप्रवाह 1,04,400 क्यूसेक दर्ज किया गया.जल संसाधन विभाग के मुताबिक देवघाट क्षेत्र में देर से हुई बारिश का असर गंडक के बहाव पर दिखाई दे रहा है. फिलहाल तटबंधों पर किसी गंभीर प्रतिकूल प्रभाव की सूचना नहीं है, लेकिन निगरानी लगातार जारी है.

गंगा में फिलहाल राहत 

गंगा नदी का जलस्तर फिलहाल घटने के रुझान में बताया जा रहा है, हालांकि कुछ जगह मामूली बढ़ोतरी संभव है. प्रशासन और जल संसाधन विभाग संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए हैं. नेपाल में बारिश और गंडक के बदलते जलप्रवाह को देखते हुए आने वाले समय में स्थिति तेजी से बदल सकती है. इसी कारण रेलवे, जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग के बीच समन्वय बढ़ाया गया है.

 

TagsBihar