Bihar

गोपालगंज में मस्जिद के अंदर मौलवी की हत्या, वारदात से इलाके में मचा हड़कंप

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

गोपालगंज(GOPALGANJ):बिहार के गोपालगंज जिले से एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ उचकागांव थाना क्षेत्र के अरना बाजार स्थित मस्जिद के भीतर मौलवी की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है. मृतक मौलवी की पहचान भोरे थाना क्षेत्र के सिसई गांव निवासी शफीक अहमद के रूप में हुई है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रोज की तरह जब निर्धारित समय पर मस्जिद से अजान की आवाज नहीं सुनाई दी, तो आसपास के लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई. जब कुछ स्थानीय नागरिक स्थिति का जायजा लेने मस्जिद के भीतर पहुंचे, तो वहां मौलवी शफीक अहमद का खून से लथपथ शव पड़ा हुआ मिला. यह नजारा देखते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई.

इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट

सूचना मिलते ही उचकागांव थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की. घटना की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए आसपास के कई थानों की पुलिस को भी मौके पर तैनात कर दिया गया है, ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे और किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके.

मामले की जांच कर रही है पुलिस

पुलिस की फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों व चश्मदीदों से पूछताछ की जा रही है.फिलहाल हत्या के कारणों और वारदात को अंजाम देने वाले हमलावरों का कोई सुराग नहीं मिल सका है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुरानी रंजिश, व्यक्तिगत विवाद और अन्य सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है. थानाध्यक्ष ने आश्वासन दिया है कि आसपास के इलाके को खंगाला जा रहा है और जल्द ही आरोपियों को चिह्नित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

TagsBihar