Bihar

बिहार के गोपालगंज में नदी पार करते समय बड़ा हादसा, तीन किशोरियां लापता

Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer
बिहार के गोपालगंज में नदी पार करते समय बड़ा हादसा, तीन किशोरियां लापता

गोपालगंज(GOPALGANJ):बिहार के गोपालगंज जिले से एक दुखद खबर सामने आई है,जहां तेज नदी के बहाव में तीन लड़कियां बह गई है.पुरा मामला मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र का है.जहां डुमरिया घाट के पास गंडक नदी पार करने के दौरान एक ही परिवार की तीन किशोरियां गहरे पानी में समा गई और लापता हो गई. इस हादसे के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. प्रशासन ने तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया है, लेकिन खराब मौसम और नदी का तेज बहाव रेस्क्यू ऑपरेशन में बड़ी चुनौती बना हुआ है.

नदी पार करते समय हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, तीनों किशोरियां अपनी मां के साथ खेती-बाड़ी के काम से रोज की तरह गंडक नदी पार कर उस पार जा रही थी. इसी दौरान नदी पार करते समय अचानक संतुलन बिगड़ गया.आशंका जताई जा रही है कि तेज बहाव और फिसलन के कारण वे गहरे पानी में चली गई. मां के सामने ही देखते-देखते तीनों किशोरियां नदी की तेज धार में बह गई.मां की चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव की कोशिश की, लेकिन तब तक तीनों बच्चियां काफी दूर बह चुकी थी. देखते ही देखते घटनास्थल पर अफरा-तफरी और मातम का माहौल बन गया.

प्रशासन अलर्ट, SDRF-NDRF की टीमें तैनात

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया.बड़ी संख्या में ग्रामीण डुमरिया घाट पर जुट गए.प्रशासन ने तुरंत SDRF और NDRF की टीमों को मौके पर रवाना किया.स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.मोहम्मदपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर कैंप कर रहे हैं और पूरे राहत अभियान की निगरानी कर रहे है. प्रशासन का कहना है कि किशोरियों की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे है.

गांव में पसरा मातम

लगातार हो रही बारिश के कारण गंडक नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है. नदी में तेज बहाव और पानी की कम विजिबिलिटी के चलते गोताखोरों को सर्च ऑपरेशन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. इसके बावजूद राहत टीमें लगातार अभियान में जुटी हुई है.इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे डुमरिया घाट और आसपास के गांवों में मातम पसरा हुआ है.पीड़ित परिवार के घर लोगों की भीड़ उमड़ रही है.