गोपालगंज (GOPALGANJ):बिहार के गोपालगंज जिले से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है, जहां गंदा खाना खाने से एक ही परिवार के 10 लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई है. पूरा मामला बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के किरतपुर गांव का है. बताया जा रहा है कि इस परिवार के लोगों ने फटा हुआ दूध खाया, जिसके बाद परिवार के बच्चों और महिलाओं समेत 10 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए. इसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. दूसरी तरफ सभी को गोपालगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
पकवान खाने के बाद एक ही परिवार के 10 लोगों की बिगड़ी तबीयत
परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, अनिल सहनी और रजानती देवी के घर में फटे हुए दूध से कुछ बनाया गया था. उस पकवान को परिवार के सभी लोगों ने बड़े चाव से खाया, लेकिन इसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी.एक-एक कर सभी लोग बीमार पड़ गए. सबसे पहले छोटे बच्चों के पेट में तेज दर्द हुआ और उल्टी की शिकायत हुई.देखते ही देखते महिलाएं और अन्य घर के सदस्यों को भी चक्कर आने लगे और कमजोरी की वजह से बेहोश होने लगे. स्थिति बिगड़ता देख परिजन बिना समय गंवाए सभी को लेकर अस्पताल पहुंचे.
पढ़िये डॉक्टर ने क्या कहा
फूड पॉइजनिंग का शिकार होने वालों में सबसे ज्यादा संख्या बच्चों की है. बीमारों की सूची में प्रिया कुमारी (14 वर्ष), सिमरन कुमारी (11 वर्ष), प्रियांशु कुमारी (12 वर्ष), ऋषभ कुमार (1 वर्ष), अभिराज कुमार (2 वर्ष), मोनालिसा कुमारी (11 वर्ष), ऋतिक कुमार (5 वर्ष), अतुल कुमार (9 वर्ष), मनीषा (30 वर्ष) और रजानती देवी (35 वर्ष) शामिल है.सदर अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में तैनात चिकित्सक डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि अस्पताल लाते समय मरीजों की स्थिति चिंताजनक थी, लेकिन त्वरित इलाज शुरू होने के बाद अब सभी की हालत स्थिर है.डॉक्टर ने कहा कि प्राथमिक तौर पर यह पूरी तरह से फूड पॉइजनिंग का मामला लग रहा है.फटे हुए दूध में हानिकारक बैक्टीरिया पनपने के कारण ऐसा हुआ होगा.फिलहाल सभी मरीज खतरे से बाहर हैं और डॉक्टरों की निगरानी में है. सटीक कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक मेडिकल जांच कराई जा रही है.
