Bihar

गोपालगंज के प्रसिद्ध थावे धाम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने की पूजा-अर्चना, बिहार की खुशहाली की कामना की

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

गोपालगंज(GOPALGANJ) : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गोपालगंज के प्रसिद्ध थावे धाम पहुंचकर मां थावे की विधिवत पूजा-अर्चना की. वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मुख्यमंत्री ने मां का आशीर्वाद लिया और बिहार की सुख, शांति, समृद्धि एवं निरंतर विकास की कामना की.

मां की कृपा बिहार के सभी लोगों पर बने रहने की प्रार्थना

पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि वे मां थावे का आशीर्वाद लेने आए हैं. उन्होंने प्रार्थना की कि मां की कृपा बिहार के सभी लोगों पर बनी रहे और प्रदेश लगातार विकास के रास्ते पर आगे बढ़ता रहे. उन्होंने राज्य में सामाजिक सद्भाव, जनकल्याण और लोगों के खुशहाल जीवन की भी कामना की. थावे मंदिर बिहार के प्रमुख धार्मिक और आस्था केंद्रों में शामिल है. यहां हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां थावे के दर्शन और पूजा के लिए पहुंचते हैं. मुख्यमंत्री की यात्रा के दौरान मंदिर परिसर में विशेष व्यवस्था की गई थी.

मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने स्वागत कर पुष्पगुच्छ भेंट किया

गोपालगंज पहुंचने पर मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया. मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किया. स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नेताओं और मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से भी मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया. इस अवसर पर खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार, विधायक मंजीत कुमार सिंह, विधायक सुभाष सिंह और विधान पार्षद राजीव कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.

शांति, समृद्धि और विकास का वातावरण बनाए रखने की प्रार्थना

कार्यक्रम में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव लोकेश कुमार सिंह, सारण प्रमंडल के आयुक्त मनीष कुमार, गोपालगंज के जिलाधिकारी समीर सौरभ और पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे. मुख्यमंत्री की थावे धाम यात्रा को धार्मिक आस्था के साथ बिहार की सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान से भी जोड़कर देखा गया. उन्होंने मां थावे से प्रदेश में शांति, समृद्धि और विकास का वातावरण बनाए रखने की प्रार्थना की.

 

TagsBihar