Bihar

हथियार लहराने के मामले में अनंत सिंह और गुंजन सिंह को कोर्ट से राहत, 5 जून तक गिरफ्तारी पर रोक

Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer
हथियार लहराने के मामले में अनंत सिंह और गुंजन सिंह को कोर्ट से राहत, 5 जून तक गिरफ्तारी पर रोक

गोपालगंज(GOPALGANJ):मोकामा के जेडीयू विधायक अनंत सिंह और भोजपुरी गायक गुंजन सिंह को गोपालगंज कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. कोर्ट ने दोनों की तत्काल गिरफ्तारी पर 5 जून तक रोक लगा दी है और अगली सुनवाई की तारीख भी 5 जून तय की गई है.एमपी-एमएलए कोर्ट के न्यायाधीश राजेंद्र कुमार पांडेय ने यह आदेश दिया। कोर्ट ने साफ किया कि अगली सुनवाई तक दोनों की गिरफ्तारी नहीं की जाएगी.

अधिवक्ता राजेश पांडेय ने क्या कहा

अनंत सिंह के अधिवक्ता राजेश पांडेय ने बताया कि इस मामले में पुलिस अब तक फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट कोर्ट में पेश नहीं कर सकी है.इसी वजह से सरकार के अधिवक्ता ने कोर्ट से और समय की मांग की. इसके बाद अदालत ने मामले की सुनवाई आगे बढ़ाते हुए अगली तारीख 5 जून तय कर दी.इस दौरान सरकार की ओर से यह भी चर्चा में रहा कि इस केस को सीआईडी को सौंपा जा सकता है.जानकारी के अनुसार गोपालगंज पुलिस ने इस मामले से जुड़ी सभी फाइलें बिहार सीआईडी को पहले ही सौंप दी है. अब जांच का दायरा आगे सीआईडी के पास जाने की संभावना जताई जा रही है.

पढ़िए क्या था पूरा मामला

पूरा मामला मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमरांव गांव का है. यहां 2-3 मई को एक जनेऊ कार्यक्रम आयोजित हुआ था, जिसमे अनंत सिंह शामिल हुए थे. आरोप है कि इस कार्यक्रम के दौरान कुछ समर्थकों द्वारा हथियार प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया.इसके बाद मीरगंज पुलिस ने इस मामले में अनंत सिंह, गुंजन सिंह समेत कुल 9 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी.अब इस हाई-प्रोफाइल मामले में सभी की नजर 5 जून की अगली सुनवाई पर टिकी हुई है.