हाजीपुर (HAZIPUR): बिहार के हाजीपुर में एक स्वर्ण व्यवसायी की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. वारदात तीसीऔता थाना क्षेत्र में बिंदी चौक और राम सुरेश चौक के बीच हुई. बदमाशों ने व्यवसायी पर नजदीक से गोलियां चलाईं और उनका बैग लेकर फरार हो गए.
मृतक की पहचान 32 वर्षीय विशाल कुमार सोनी के रूप में हुई है. वह मूल रूप से मुजफ्फरपुर जिले के मनियारी थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं. पिछले करीब आठ वर्षों से वह राम सुरेश चौक इलाके में किराये के मकान में रह रहे थे. फूलकुमारी मार्केट में उनकी सोने-चांदी की दुकान थी.
सुनसान रास्ते में बदमाशों ने बनाया निशाना
बताया जा रहा है कि रक्षाबंधन के कारण बाजार में सामान्य दिनों की तुलना में ज्यादा भीड़ थी. इसी वजह से विशाल ने देर से अपनी दुकान बंद की. इसके बाद वह पैदल ही अपने किराये के घर की ओर जा रहे थे. घर पहुंचने से करीब 500 मीटर पहले सुनसान रास्ते में बदमाशों ने उन्हें घेर लिया. हमलावरों ने विशाल पर करीब से तीन गोलियां चलाईं. गोली लगने के बाद वह सड़क पर गिर गए. इसके बाद अपराधी उनके पास मौजूद बैग लेकर मौके से फरार हो गए.
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
गोली चलने की आवाज सुनने के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल विशाल को जंदाहा PHC ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.बताया गया कि गोली लगने के बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उनकी हालत बेहद गंभीर हो गई थी.
विशाल की हत्या की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया. जानकारी के मुताबिक उनकी शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी और उनका लगभग एक महीने का बेटा है. त्योहार के मौके पर हुई इस वारदात ने परिवार को गहरा सदमा दिया है.
सीसी टीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. पुलिस शुरुआती तौर पर मामले को लूट के दौरान हत्या से जोड़कर देख रही है, क्योंकि मृतक का बैग मौके से गायब मिला.पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है. साथ ही बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. मामले में अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच जारी है.
