गया जी (BIHAR) : बिहार के गया जी जिले के डोभी प्रखंड में दर्दनाक हादसा हो गया. नावाडीह पंचायत के गढ़ करमौनी गांव में कुएं के अंदर मोटर पंप लगाने के दौरान जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी से पिता-पुत्र समेत चार लोगों की मौत हो गई. बचाव कार्य के दौरान अग्निशमन विभाग का एक कर्मी भी बेहोश हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है.
मोटर पंप लगाने के लिए कुएं में उतरे थे
मृतकों की पहचान गढ़ करमौनी गांव निवासी चमारी मांझी, उनके पुत्र दिलचंद मांझी, विकास चौधरी और विजय चौधरी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, चमारी मांझी मोटर पंप लगाने के लिए कुएं में उतरे थे. काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आए तो उनके बेटे दिलचंद मांझी को चिंता हुई. पिता को देखने और बचाने के लिए दिलचंद भी कुएं में उतर गए. बताया जा रहा है कि कुएं के अंदर ऑक्सीजन की कमी और जहरीली गैस के कारण दोनों बेहोश हो गए.
जहरीली गैस की चपेट में आने से चार की मौत
इसके बाद उन्हें बचाने के लिए विकास चौधरी और विजय चौधरी भी कुएं में उतरे, लेकिन वे भी जहरीली गैस की चपेट में आ गए. हादसे में चारों की मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए. ग्रामीणों ने अपने स्तर से लोगों को कुएं से बाहर निकालने की कोशिश की. दिलचंद मांझी और विजय चौधरी के शव बाहर निकाल लिए गए जबकि दो अन्य शव कुएं में फंसे होने की जानकारी सामने आई.
घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा
सूचना मिलने पर डोभी थाना पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. बचाव कार्य के दौरान अग्निशमन विभाग के अधिकारी अजीत भी जहरीली गैस के प्रभाव से बेहोश हो गए. उन्हें तुरंत कुएं से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया. प्रशासन ने जहरीली गैस की आशंका को देखते हुए बचाव कार्य में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है. पुलिस और प्रशासन मामले में आगे की कार्रवाई कर रहे हैं.
