Bihar

बिहार के गया में बड़ी कार्रवाई: गुरारू थानाध्यक्ष पद से हटाए गए, अवैध वसूली का लगा आरोप

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

गया (बिहार): गयाजी जिले के गुरारू थाना के थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार के खिलाफ बड़ी विभागीय कार्रवाई की गई है. शराब, बालू और गिट्टी लदे वाहनों से कथित अवैध वसूली से जुड़े आरोपों की जांच के बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से थानाध्यक्ष के पद से हटा दिया गया है. वरीय अधिकारियों के निर्देश पर अखिलेश कुमार को पुलिस केंद्र, गया वापस बुलाया गया है.

शिकायत के बाद शुरू हुई मामले की जांच 

यह कार्रवाई रविशंकर अवस्थी की ओर से की गई शिकायत के बाद सामने आई है. शिकायत में गुरारू थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार के साथ चौकीदार दुर्गा पासवान के पुत्र ललन कुमार पर भी गंभीर आरोप लगाए गए थे. आरोप था कि गुरारू थाना क्षेत्र में शराब के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों, बालू कारोबारियों और गिट्टी लदे वाहनों से कथित तौर पर नियमित वसूली की जा रही थी.

शिकायत की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, गया के स्तर से कराई गई. जांच के दौरान विभिन्न तथ्यों और सूत्रों से मिली जानकारी को आधार बनाकर रिपोर्ट तैयार की गई.

जांच रिपोर्ट में आचरण पर उठे सवाल 

जांच प्रतिवेदन के अनुसार, विश्वसनीय सूत्रों से ऐसी जानकारी सामने आई कि चौकीदार के पुत्र ललन कुमार को कथित रूप से थाना परिसर में रखकर वसूली से संबंधित काम कराया जा रहा था. जांच में सामने आए तथ्यों के बाद थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार और ललन कुमार के आचरण को संदिग्ध माना गया.

इसके बाद मामले में वरीय स्तर पर कार्रवाई का निर्णय लिया गया. पुलिस महानिरीक्षक, मगध क्षेत्र, गया के निर्देश पर वरीय पुलिस अधीक्षक, गया ने पुलिस अवर निरीक्षक अखिलेश कुमार को गुरारू थानाध्यक्ष के पद से तत्काल प्रभाव से हटाने का आदेश जारी किया.

24 घंटे के भीतर योगदान देने का निर्देश 

अखिलेश कुमार को गुरारू थाना से हटाकर पुलिस केंद्र, गया वापस कर दिया गया है. साथ ही उन्हें आदेश मिलने के 24 घंटे के अंदर पुलिस केंद्र में योगदान देने का निर्देश दिया गया है.

इस कार्रवाई के बाद अब गुरारू थाना में नए थानाध्यक्ष की तैनाती की जानी है. वहीं, जांच में सामने आए आरोपों को लेकर आगे विभागीय स्तर पर क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर भी नजर रहेगी.

 

TagsBihar