गया जी: बड़ी खबर बिहार के गया जी से है जहां जमीन विवाद में दर्जनों बदमाशों ने एक व्यक्ति के घर पर चढ़ कर फायरिंग, बमबाजी और तोड़फोड़ की. पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है जबकि पीड़ित परिवार डर के साये में है वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई. घटना गया जी के चंदौती थाना क्षेत्र के गांधीनगर मोहल्ले की है. पीड़ित की पहचान सत्येंद्र नारायण के रूप में की गई. बताया जा रहा है कि दर्जनो की संख्या में हथियारबंद अपराधी उनके घर पर पहुंचे और बमबारी की. इसके साथ ही घर के बाहर रखे सामानों के साथ तोड़फोड़ भी की.
घर बनाने को लेकर कर रहे रंगदारी की मांग
घटना को लेकर पीड़ित सत्येंद्र शर्मा ने कहा कि मैं अपनी निजी जमीन पर मकान का निर्माण करवा रहा हूं जिस पर कुछ माफियाओं की नजर है. उन लोगों ने दर्जनों की संख्या में मेरे घर पहुंच कर गोलीबारी तरह बमबाजी की जिसका निशान दीवारों पर है. उन्होंने बताया कि इस दौरान बदमाशों ने ईंट पत्थर भी चलाए. पीड़ित ने महावीर पासवान के पुत्रों के द्वारा हमला करने की बात कहते हुए कहा कि यहां पर कुछ एकड़ जमीन पर उसने दखल कर रखा है और घर बनवाने के एवज में रंगदारी की मांग करते हैं.
हमारी जमीन को बताते हैं अपना
हमारी जमीन को भी वह लोग अपना बताते हैं जिस कर कोर्ट में केस भी चला और न्यायालय तथा अंचल की तरफ से मेरे पक्ष में फैसला आया जिसके बाद हम अपना मकान निर्माण करवा रहे थे. हमने इस संबंध में आईजी, एसपी और थानाध्यक्ष को आवेदन देकर काम शुरू किया था लेकिन अब इस तरह से जानलेवा हमला किया गया. वही चंदौती थाना के एसआई शिवनाथ कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है. जांच चल रही है. सीसीटीवी में कुछ बदमाश दिखे हैं, साथ ही बमबाजी की भी घटना सामने आई है. पुलिस मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई करेगी.