Bihar

पटना-गया रेलखंड पर 10 मेमू ट्रेनें रद्द, कई एक्सप्रेस ट्रेनों का रूट बदला,जानिए पूरी डिटेल

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

Bihar news:  बिहार में बढ़ते जलस्तर का असर रेल परिचालन पर भी पड़ रहा है. पटना जिले में पुनपुन और परसा बाजार के बीच स्थित रेल पुल संख्या-21 के पास पानी बढ़ने के कारण रेलवे ने सुरक्षा के मद्देनजर डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन रोक रखा है. इसका सीधा असर पटना-गया रेलखंड की ट्रेनों पर पड़ा है. मंगलवार, 8 सितंबर को इस रूट की 10 मेमू ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कई एक्सप्रेस और मेमू ट्रेनों को बदले हुए मार्ग से चलाया जा रहा है.

पटना-गया रूट की ये 10 मेमू ट्रेनें रद्द

रेलवे के फैसले के अनुसार 8 सितंबर को गया-पटना और पटना-गया के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 63242, 63258, 63245, 63396, 63248, 63243, 63259, 63393, 63250 और 63253 का परिचालन नहीं होगा. इन ट्रेनों के रद्द होने से पटना, जहानाबाद और गया के बीच नियमित रूप से यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है. पिछले तीन दिनों में इस रेलखंड पर 25 ट्रेनों के रद्द होने के कारण यात्रियों की आवाजाही पहले से प्रभावित है.

पूर्णिया कोर्ट-हटिया एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों का रूट बदला

रेलवे ने कुछ महत्वपूर्ण ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाने का फैसला किया है. ट्रेन संख्या 18625 पूर्णिया कोर्ट-हटिया एक्सप्रेस और 18626 हटिया-पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस को बरकाकाना, करौंदा, राजगीर और तिलैया के रास्ते चलाया जाएगा. इसी तरह 13329/13330 धनबाद-पटना-धनबाद एक्सप्रेस का परिचालन भी परिवर्तित मार्ग से होगा. 15137/15138 राजगीर-बनारस एक्सप्रेस पटना-गया रूट के बजाय पटना-आरा-बक्सर-डीडीयू के रास्ते चलेगी. नवादा और इस्लामपुर से पटना आने-जाने वाले यात्रियों के लिए भी बदलाव किया गया है. 63390/63389 नवादा-पटना-नवादा मेमू और 63391/63392 इस्लामपुर-पटना-इस्लामपुर मेमू को धनियावां-फतुहा के रास्ते चलाया जाएगा.

पुल संख्या-21 पर रेलवे की लगातार नजर

रेलवे की टीम पुल संख्या-21 के आसपास जलस्तर और रेलवे ट्रैक की स्थिति पर लगातार नजर रख रही है. फिलहाल सुरक्षा कारणों से डाउन लाइन पर परिचालन बंद है. पानी सुरक्षित स्तर पर आने और ट्रैक की स्थिति सामान्य पाए जाने के बाद ही ट्रेनों की आवाजाही दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा. यात्रियों को सलाह है कि स्टेशन के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेन की मौजूदा स्थिति और मार्ग की जानकारी जरूर जांच लें.

TagsBihar