Bihar

स्कूटी सवार से ओवरटेक को लेकर कहासुनी,बदमाशों ने ऑटो चालक का पीछा कर पेट में मारा चाकू

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor
स्कूटी सवार से ओवरटेक को लेकर कहासुनी,बदमाशों ने ऑटो चालक का पीछा कर पेट में मारा चाकू

बाढ़ (BIHAR) : बिहार के बाढ़ में ओवरटेक करने की मामूली बात झगड़े में तब्दिल गई. स्कूली बच्चों को लेने जा रहे एक सीएनजी ऑटो चालक का बदमाशों ने पीछा किया और रेलवे पश्चिमी फाटक के पास उसके पेट में चाकू मार दिया. गंभीर रूप से घायल चालक खुद ऑटो चलाकर अस्पताल पहुंचा, जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे पटना रेफर कर दिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

स्कूटी सवार से ओवरटेक को लेकर कहासुनी

बताया जा रहा है कि घटना के समय चंदन कुमार एक निजी विद्यालय के बच्चों को लेने के लिए जल्दबाजी में अपने सीएनजी ऑटो से जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में एक स्कूटी सवार से ओवरटेक को लेकर कहासुनी हो गई. चंदन का कहना है कि स्कूटी से किसी तरह की टक्कर या नुकसान नहीं हुआ था लेकिन इसके बावजूद स्कूटी सवार नाराज हो गया.

एक बदमाश ने उनके पेट में चाकू मारा

घायल चंदन के मुताबिक, स्कूटी सवार ने उनका पीछा किया और रेलवे पश्चिमी फाटक के पास अपने एक साथी को बुला लिया. इसके बाद दोनों ने मिलकर उन पर हमला कर दिया. इसी दौरान एक बदमाश ने उनके पेट में चाकू मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए.

बेहतर इलाज के हेतू पटना रेफर किया गया

घायल अवस्था में भी चंदन हिम्मत जुटाकर खुद अपना ऑटो चलाते हुए अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे. अस्पताल पहुंचते ही वह बेड पर गिरकर बेहोश हो गए. चिकित्सकों ने तत्काल उनका प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना रेफर कर दिया.

अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि चाकू लगने से युवक की स्थिति गंभीर थी, इसलिए उसे तुरंत उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया. वहीं, घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है. परिजनों का आरोप है कि घटना की सूचना देने के बावजूद काफी देर तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटने की बात कह रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है. घायल का बयान भी जांच का अहम आधार माना जा रहा है.