मोतिहारी (MOTIHARI) : नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा का असर बिहार के सीमावर्ती पूर्वी चंपारण जिले तक महसूस किया जा रहा है. जिले के आदापुर थाना क्षेत्र के लाला छपरा गांव के एक ही परिवार के पांच सदस्यों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है. घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार के पैतृक गांव में चिंता और शोक का माहौल है. नेपाल के प्रभावित इलाके में संचार सेवाएं बाधित होने के कारण परिजनों को सही जानकारी मिलने में भी परेशानी हो रही है.
चार वर्षों से नेपाल में रह रहा था बुधन शाह का परिवार
लाला छपरा गांव निवासी बुधन शाह पिछले करीब चार वर्षों से अपने परिवार के साथ नेपाल में रह रहे थे. बताया जा रहा है कि परिवार नेपाल के त्रिशूली के नजदीक वितरावती इलाके में रहकर कबाड़ खरीदने और मजदूरी से अपनी आजीविका चला रहा था. आपदा के दौरान बुधन शाह और उनके दोनों बेटों के सुरक्षित होने की बात सामने आई है. वहीं, मकान में मौजूद परिवार के अन्य पांच सदस्यों का फिलहाल पता नहीं चल पाने की चर्चा है.
पत्नी,तीन बेटियां और दो वर्षीय नातिन के लापता होने की आशंका
जानकारी के अनुसार बुधन शाह की पत्नी मानती देवी, उनकी बेटियां संध्या, आशा और रूपा तथा दो वर्षीय नातिन आयुषी हादसे के समय मकान में मौजूद थीं. आशंका जताई जा रही है कि बाढ़ के तेज बहाव की चपेट में आने के बाद ये सभी लापता हो गईं. हालांकि, प्रभावित क्षेत्र से संपर्क बाधित होने के कारण उनके संबंध में स्पष्ट और आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है.
मां से मिलने बच्ची के साथ नेपाल पहुंची थी संध्या
परिवार के लिए यह घटना इसलिए भी बेहद दुखद है क्योंकि बुधन शाह की बेटी संध्या अपनी दो साल की बेटी आयुषी को लेकर मां से मिलने नेपाल गई थीं. वह त्रिशूली के समीप वितरावती इलाके में परिवार के पास पहुंची थीं. इसी दौरान इलाके में आई आपदा ने पूरे परिवार को संकट में डाल दिया. घटना की खबर पूर्वी चंपारण के भारत-नेपाल सीमावर्ती लाला छपरा गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों में चिंता फैल गई. गांव के लोग नेपाल से किसी सकारात्मक सूचना का इंतजार कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि नेपाल के आपदा प्रभावित क्षेत्र में नेटवर्क और इंटरनेट सेवाएं बाधित होने से संपर्क स्थापित करना मुश्किल हो गया है. ऐसे में लापता लोगों की वास्तविक स्थिति के बारे में जानकारी मिलने का इंतजार किया जा रहा है.
