☰
Bihar

दिवाली से पहले किसानों को मिलेगा बड़ा उपहार, पीएम मोदी 30 अक्टूबर को जारी करेंगे 24वीं किस्त

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों की मदद के लिए पीएम किसान सम्मान निधि की शुरुआत की जिसके तहत निबंधित किसानों को हर वर्ष 6 हजार रुपए सरकार की तरफ से दी जाती है. यह राशि किश्तों में दी जाती है. अब तक किसानों को 23 किस्तों दी जा चुकी है और अब 24वीं किस्त भी दिए जाने की तारीख निश्चित कर ली गई है. इस संबंध में बिहार के कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने अपने कार्यालय कक्ष में जानकारी दी. कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 अक्टूबर को पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी करेंगे जिसके तहत देश भर के 9.34 करोड़ से अधिक लाभार्थी किसानों को करीब 18680 करोड़ रुपए डीबीटी के माध्यम से खाते में भेजी जाएगी.

बिहार के 73 लाख किसान होंगे लाभान्वित

कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने बताया कि इस योजना के तहत बिहार के 73 लाख से अधिक किसान परिवारों के बैंक खातों में 1,476 करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से भेजी जाएगी. बिहार के किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत अब तक 33 हजार करोड़ रुपये मिल चुके हैं. यह राशि राज्य के किसानों के लिए बड़ा संबल है. उन्होंने कहा कि इस अवसर पर पटना के ज्ञान भवन में राज्यस्तरीय पीएम किसान उत्सव दिवस का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री, वरीय पदाधिकारी और योजना के लाभार्थी किसान शामिल होंगे.

किसानों को किया जाएगा जागरूक 

कृषि मंत्री ने कहा कि राज्यस्तरीय पीएम किसान उत्सव दिवस का उद्देश्य किसानों को सरकारी योजनाओं के लाभों से अवगत कराना और कृषि क्षेत्र में आर्थिक सहायता की भूमिका को रेखांकित करना है. केंद्र और राज्य सरकार कृषि क्षेत्र के विकास पर विशेष ध्यान दे रही हैं. कृषि का विकास होगा तो किसान समृद्ध होंगे. साथ ही, महिलाओं, उद्यमियों और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा गरीबी दूर करने में मदद मिलेगी. उन्होंने कहा कि इस उत्सव के माध्यम से प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी. कृषि कल्याण और जनकल्याण से जुड़े संवाद के जरिए किसानों की शंकाओं और समस्याओं को समझने तथा उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा.

किसानों को हर साल मिलते हैं छह हजार रुपये

कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने बताया कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष छह हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है. यह राशि दो-दो हजार रुपये की तीन समान किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की जाती है.

फार्मर आईडी के जरिए किसानों को दी जा रही सुविधाएं

कृषि मंत्री ने कहा कि फार्मर आईडी के माध्यम से किसानों को बीज, उर्वरक, अनुदान और उनकी उपज का उचित लाभ दिलाने के लिए गंभीरता से प्रयास किए जा रहे हैं. सरकार की कोशिश है कि किसी किसान को परेशानी न हो और पात्र किसानों को योजनाओं का लाभ मिल सके. उन्होंने कहा कि बटाई पर खेती करने वाले किसान भी सरकारी सुविधाओं और अनुदान से वंचित न रहें, इसके लिए भी संवेदनशीलता के साथ कदम उठाए जा रहे हैं.

TagsBihar