☰
ELECTION

विधान परिषद की आठ सीटों पर मतदान संपन्न, शिक्षकों का जोश दिखा हाई, स्नातक मतदाताओं ने नहीं दिखाई दिलचस्पी

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पटना: बिहार विधान परिषद के चार स्नातक और 4 शिक्षक निर्वाचन सीट पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया. मतदान में शिक्षकों ने मतदान में बढ़चढ़ कर दिलचस्पी दिखाई जबकि स्नातक मतदाताओं में जोश की कमी देखी गई. मतदान चार बजे तक चली जिसके बाद बूथ पर पहुंचने वाले लोगों को लौटा दिया गया. चुनाव आयोग के अनुसार मतदान समाप्ति तक तक के मतदान के लिए जारी आंकड़ों के अनुसार राज्य में सभी चार शिक्षक निर्वाचन सीट पर कुल 74.55 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि स्नातक निर्वाचन सीटों पर कुल 43.87 प्रतिशत मतदान हुआ. अब मतदान का परिणाम 27 अक्टूबर को आयेगा. मतगणना से पहले वज्रगृह में सुरक्षा व्यवस्था काफी चाक चौबंद की गई है.

कितना प्रतिशत हुआ वोटिंग

चुनाव आयोग के अनुसार मतदान समाप्ति तक पटना स्नातक सीट पर 36.19 प्रतिशत, तिरहुत स्नातक निर्वाचन सीट पर 42.15 प्रतिशत, दरभंगा स्नातक निर्वाचन सीट पर 42 प्रतिशत और कोसी स्नातक निर्वाचन सीट पर 52.51 प्रतिशत मतदान हुआ. वहीं पटना शिक्षक निर्वाचन सीट पर 56.89 प्रतिशत, सारण शिक्षक निर्वाचन सीट पर 87.16 प्रतिशत, तिरहुत शिक्षक निर्वाचन सीट पर 78.10 प्रतिशत तथा दरभंगा शिक्षक निर्वाचन सीट पर 79 प्रतिशत मतदान हुआ.

दो नंबरी सरकार 10 नंबरी मुख्यमंत्री

तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग पर सत्ता पक्ष के उम्मीदवारों के लिए काम करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि ये लोग वोट चोर हैं और वोट चोरी करवाते हैं. हम लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं और सभी सीटें जीत रहे हैं. सकारात्मक नतीजे आएंगे और इन लोगों की दाल गलने वाली नहीं है. तेजस्वी ने आरोप लगाया कि फुलवारीशरीफ में फर्जी वोटिंग कराई गई है और लड़कों को उठा लिया गया है. उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “दो नंबरी सरकार, 10 नंबरी मुख्यमंत्री

बिहार की सभी आठ सीटों पर मतदान के दौरान कहीं से कोई अप्रत्याशित घटनाएं सामने नहीं आई. हालांकि मतदान शुरू होने के कुछ देर बाद ही पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मोकामा में एक बूथ पर जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के समर्थक और जदयू के ही प्रत्याशी नीरज कुमार के समर्थक आपस में भिड़ गए थे जहां पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला शांत करवाया और 6 लोगों को हिरासत में भी लिया. इसके साथ ही पुलिस ने पटना में अनंत सिंह के समर्थक और पूर्व जदयू नेता छोटू सिंह को हिरासत में लिया.

TagsBihar