Bihar

मोकामा में बुजुर्ग किसान की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

मोकामा (BIHAR): पटना जिले के मोकामा थाना क्षेत्र के मोर पोखर गांव में एक बुजुर्ग किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई. यह वारदात देर रात की बताई जा रही है. मृतक की पहचान 65 वर्षीय भुखन यादव के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

गोली लगने से मौके पर ही मौत

जानकारी के अनुसार, भुखन यादव गांव में आयोजित एक श्राद्ध भोज में शामिल होकर घर लौटे थे. इसके बाद वह रोज की तरह अपने गोशाला में सोने चले गए. अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे और उनकी कनपट्टी तथा सिर में दो गोलियां मार दीं. गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की जानकारी उस समय हुई जब परिजन उन्हें जगाने पहुंचे. इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए.

घटना की सूचना मिलते ही मोकामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना से एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब), श्वान दस्ता और तकनीकी टीम को भी बुलाया गया है. बाढ़ के एसडीपीओ राम कृष्णा खुद घटनास्थल पर कैंप कर जांच की निगरानी कर रहे हैं.

मामले की जांच की जा रही है

पुलिस का कहना है कि फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. शुरुआती जांच में किसी पुरानी रंजिश या विवाद की बात भी सामने नहीं आई है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है.

अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग

मृतक के पुत्र विकास यादव ने बताया कि उनके पिता का किसी से कोई विवाद नहीं था. ऐसे में परिवार भी इस घटना से स्तब्ध है और जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है.

वहीं, बाढ़ के एसडीपीओ राम कृष्णा ने कहा कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा. पुलिस का दावा है कि अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.

 

TagsBihar