मोतिहारी (MOTIHARI):बिहार के मोतिहारी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है जहां पूर्वी चंपारण के चकिया-केसरिया रोड स्थित शीतलपुर बाजार के समीप अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार 10 वर्षीय छात्र हिमांशु कुमार की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में उसकी दोनों बहनें डेजी और गुड़िया घायल हो गईं. घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया. हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने चकिया-केसरिया मुख्य पथ पर टायर जलाकर करीब डेढ़ घंटे तक आवागमन बाधित रखा.
मौके पर 10 साल के बच्चे की मौत, दो बहनें घायल
बताया जाता है कि कोयला बेलवा वार्ड निवासी लखिन्द्र प्रसाद यादव का पुत्र हिमांशु चकिया के सेंट थॉमस स्कूल में कक्षा पांच का छात्र था. वह शनिवार को अपनी दोनों बहनों के साथ स्कूटी से स्कूल से घर लौट रहा था. शीतलपुर बाजार के पास अचानक एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क की ओर आ गया. ट्रक को सामने आता देख स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और तीनों सड़क पर गिर पड़े. इसी दौरान हिमांशु ट्रक की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई.हादसे में दोनों बहनें भी घायल हो गईं. स्थानीय लोगों ने दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. चिकित्सकों के अनुसार, दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार
हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. आक्रोशित लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर यातायात रोक दिया और वरीय पदाधिकारियों को बुलाने की मांग की. सूचना पर थानाध्यक्ष धर्मप्रकाश कुमार पुलिस टीम के साथ पहुंचे. स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया. इसके बाद करीब डेढ़ घंटे बाद सड़क पर यातायात बहाल हो सका.इधर, हिमांशु की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. मां बबीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार के इकलौते नौनिहाल की मौत से कोयला बेलवा में मातमी सन्नाटा पसरा है. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है.
