मोतिहारी(MOTIHARI):बिहार के मोतिहारी जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के पांच लोगों की तालाब में डूबने से मौत हो गई है. घटना पूर्वी चंपारण जिले के गोविंदगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बभनौली पंचायत के वार्ड नंबर 06 की है. गांव के समीप स्थित एक तालाब में डूबने से एक ही परिवार के पांच लोगों की जान चली गई. इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार और मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों में धर्मेंद्र महतो की पत्नी सुशीला देवी, उनके पुत्र अविनाश कुमार और रवि कुमार तथा पुत्रियां अमृता कुमारी और पम्मी कुमारी शामिल हैं. यानी मां समेत चार बच्चों की मौत हुई है. हालांकि, ग्रामीणों के अनुसार एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत के बाद दबी जुबान से घरेलू विवाद की भी चर्चा की जा रही है.
एक साथ पांच लोगों की मौत को लेकर गांव में हो रही है चर्चा
घटना की सूचना मिलते ही गोविंदगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से सभी शवों को तालाब से बाहर निकाला गया. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया है. घटना को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी तक सामने नहीं आ पाया है. गांव के लोग भी इस मामले में कुछ भी बताने से परहेज कर रहे हैं, जिससे घटना और भी रहस्यमय बन गई है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है.
पांच सदस्यों की असमय मौत से गांव में शोक की लहर
इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. एक ही परिवार के पांच सदस्यों की असमय मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. फिलहाल पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है और घटना के पीछे की सच्चाई जानने का प्रयास किया जा रहा है.
