☰
Bihar

नेशनल हाईवे पर स्लीपर बस बनी आग का गोला, जलकर हुई खाक

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

मोतिहारी (MOTIHARI): बिहार के मोतिहारी में नेशनल हाईवे पर बुधवार देर रात एक स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी बस धू-धू कर जलने लगी और कुछ ही देर में बस जलकर खाक हो गई. घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बनकट गांव के समीप की है. बस में सवार यात्रियों के बीच आग लगने के बाद अफरा-तफरी मच गई. हालांकि, सभी यात्रियों ने किसी तरह बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली.

जानकारी के अनुसार, बेतिया से पटना जा रही स्लीपर बस मोतिहारी बस स्टैंड से यात्रियों को लेकर पटना के लिए रवाना हुई थी. इसी दौरान नेशनल हाईवे पर बनकट के समीप अचानक बस में आग लग गई. बस से आग की ऊंची लपटें उठती देख यात्रियों में दहशत फैल गई. यात्रियों ने तत्परता दिखाते हुए बस से बाहर निकलना शुरू कर दिया. इस घटना में किसी यात्री की मौत की सूचना नहीं है, जबकि कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं.

घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस और अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा. हालांकि, दमकल कर्मियों के पहुंचने तक आग पूरी बस को अपनी चपेट में ले चुकी थी. स्थानीय लोगों की भी मौके पर भारी भीड़ जुट गई. बस में आग लगने के कारण बनकट गांव के समीप नेशनल हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा. मौके पर मौजूद मुफस्सिल थाना पुलिस ने सूझबूझ से स्थिति को संभालते हुए आवागमन बहाल कराया. फिलहाल बस में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

TagsBihar