Bihar

मोतीहारी: सिकरहना नदी ने बढ़ाई लालपरसा के ग्रामीणों की चिंता, कटाव से उजड़ रहे आशियाने

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

मोतिहारी (MOTIHARI):पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली प्रखंड क्षेत्र से होकर बहने वाली सिकरहना नदी नेपाल में हो रही लगातार बारिश के कारण उफान पर है.नदी का बढ़ता जलस्तर अब आसपास के गांवों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है.सुगौली नगर परिषद क्षेत्र के लालपरसा दखिनवारी टोला, वार्ड संख्या-5 में नदी का कटाव भयावह रूप ले चुका है. तेज बहाव के कारण करीब तीन फीट जमीन नदी में समा चुकी है, जिससे आधा दर्जन परिवारों बेघर होने का खतरा मंडरा रहा है.कृपा देवी और सुमन प्रसाद का घर सीधे कटाव की जद में है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द कटाव रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो उनका घर कभी भी नदी में समा सकता है.

लगातार हो रही बारिश से नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है

ग्रामीण सुभाष पटेल, ढोराई पटेल, पासपत पटेल, उमाशंकर पटेल और चंदन पटेल ने आरोप लगाया कि वे पिछले चार वर्षों से कटाव की समस्या झेल रहे है. इसके बावजूद न तो प्रशासन ने कोई स्थायी समाधान किया और न ही जनप्रतिनिधियों ने उनकी सुध ली. उनका कहना है कि नेपाल के तराई क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे कटाव और तेज हो गया है.

जमीन कटने की आवाज सुनकर दहशत में लोग 

 रात में जमीन कटने की आवाज सुनकर लोग दहशत में रात गुजारने को मजबूर है.ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि तत्काल कटाव निरोधी कार्य शुरू नहीं कराया गया, तो उनके सामने बेघर होने के साथ-साथ भुखमरी का संकट भी खड़ा हो जाएगा.उन्होंने प्रशासन से अविलंब हस्तक्षेप कर स्थायी समाधान कराने की मांग की है.