☰
Bihar

परिवार से लड़कर एक साल पहले एक दूजे के हुए थे परवेज और सोनी, मौत भी नहीं कर सकी अलग, जोड़े में एक साथ खत्म कर ली ज़िंदगी

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

मोतिहारी (MOTIHARI): हरसिद्धि थाना क्षेत्र अंतर्गत हरपुर राय गांव में रविवार की देर रात एक युवा दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई. दोनों के शव फंदे से लटके मिलने की सूचना पर गांव में लोगों की भीड़ जुट गई. घटना की जानकारी मिलते ही हरसिद्धि थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

मृतकों की पहचान हरसिद्धि थाना क्षेत्र के हरपुर पकड़ी गांव निवासी परवेज आलम और उसकी पत्नी सोनी खातून के रूप में हुई है. सोनी खातून मूल रूप से जिले के मलाही थाना क्षेत्र के सिकटिया गांव की रहने वाली थी. स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था. इसी क्रम में करीब एक वर्ष पहले परिवार की मर्जी के खिलाफ घर से भागकर दोनों ने प्रेम विवाह किया था. इसके बाद दोनों हरपुर राय गांव में रह रहे थे.

बीती रात युवक के परिजनों ने घर में उसे फंदे से लटका हुआ देखा. इसके बाद उसे फंदे से उतारकर इलाज के लिए मोतिहारी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद परिजन शव लेकर घर लौट आए. घर पर परिजन रोने-बिलखने लगे. इसी बीच मृतक युवक परवेज आलम की पत्नी सोनी खातून का शव घर के पीछे एक कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला.

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों के शवों के संबंध में जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाया, ताकि आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा सकें.

हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि एक दंपती के शव बरामद किए गए हैं. परिजनों के अनुसार, दोनों फंदे से लटके हुए मिले. प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन हत्या की आशंका को ध्यान में रखते हुए पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है.

घटना में मृतक युवक के पिता इब्राहिम मियां ने बताया कि रविवार को पति-पत्नी चकिया स्थित अपने ससुराल से लौटे थे. इसके बाद दोनों खाना खाकर सो गए. कुछ देर बाद छोटी बहू ने चिल्लाकर बताया कि परवेज फंदे से लटक गया है. इसके बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया और परवेज को फंदे से उतारा. उसे इलाज के लिए मोतिहारी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद परिजन शव लेकर घर लौट आए. घर में रोने-बिलखने का माहौल था. इसी बीच मृतक परवेज आलम की पत्नी सोनी खातून का शव घर के पीछे एक कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला.

थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है. परिजनों से पूछताछ की जा रही है और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही दोनों की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. वहीं युवा दंपती की मौत से परिजनों में मातम पसरा हुआ है.

TagsBihar