Bihar

बिहार के मोतिहारी में 285 करोड़ की 145 योजनाओं का शुभारंभ, CM सम्राट चौधरी ने दी बड़ी सौगात

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

मोतीहारी (MOTIHARI): मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मोतिहारी के गांधी मैदान में बापूधाम महोत्सव का उद्घाटन किया. पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित यह महोत्सव 3 सितंबर तक चलेगा. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पूर्वी चंपारण जिले के लिए करीब 285 करोड़ रुपये की 145 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इन योजनाओं से शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, सड़क, कृषि, मत्स्य पालन और कला-संस्कृति सहित कई क्षेत्रों को गति मिलने की उम्मीद है.

मुख्यमंत्री ने बरियारपुर में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने, मोतिहारी में तारामंडल का काम जल्द शुरू कराने और केंद्रीय विद्यालय को पीपराकोठी के बजाय बरियारपुर में बनाने की घोषणा की. इसके अलावा मत्स्य समृद्धि क्लस्टर और फिश प्रोसेसिंग प्लांट की स्थापना, मोतिहारी में अटल कला भवन के निर्माण तथा मोतीझील के किनारे रोईंग क्लब से चिकनीघाट-अगरवा तक सड़क और नाला निर्माण की योजना भी बताई. इस परियोजना को मरीन ड्राइव के रूप में विकसित किया जाएगा. अरेराज मंदिर तक पहुंचने वाली प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण का काम भी प्रस्तावित है.

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बिहार में नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) का नया कैंपस स्थापित करने की जानकारी दी. केंद्र की मंजूरी मिलने के बाद राज्य सरकार इसके लिए जमीन उपलब्ध कराएगी और भवन निर्माण की स्वीकृत लागत का 50 प्रतिशत हिस्सा वहन करेगी. इससे बिहार के कलाकारों को अपने राज्य में ही पेशेवर प्रशिक्षण और शोध के अवसर मिल सकेंगे.

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने गांधी मैदान में लगे सहयोग शिविर का जायजा लिया और विभिन्न विभागों के स्टॉल पर लोगों की समस्याएं सुनीं. उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का 30 दिनों के भीतर निपटारा करने का निर्देश दिया. इस दौरान योग्य लाभुकों को बासगीत पर्चा और दिव्यांगजनों को बैटरी चालित ट्राईसाइकिल वितरित की गई. वहीं 9,214 स्वयं सहायता समूहों को बैंक लिंकेज के जरिए 211 करोड़ रुपये की सांकेतिक सहायता दी गई.

मुख्यमंत्री ने चंपारण की ऐतिहासिक विरासत का जिक्र करते हुए कहा कि बापूधाम महोत्सव महात्मा गांधी के चंपारण से जुड़े संघर्ष और क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण मंच है. कार्यक्रम में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, सांसद राधामोहन सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.

TagsBihar