पूर्वी चंपारण: एक तरफ बिहार की सरकार और पुलिस के आलाधिकारी पीपल फ्रेंडली पुलिसिंग का पाठ पढ़ाते हैं तो दूसरी तरफ कुछ अधिकारियों की हरकत की वजह से विभाग की किरकिरी हो जाती है. ऐसा ही एक मामला सामने आया है पूर्वी चंपारण से जहां एक पुलिस अधिकारी का महिला से बातचीत का ऑडियो वायरल हो रहा है. वायरल ऑडियो और दारोगा पर लगे गंभीर आरोप के आधार पर एसपी ने उन्हें निलंबित कर जांच शुरू कर दी है. हालांकि वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं हुई है.
बताया जा रहा है कि पूर्वी चंपारण के सुगौली थाना में पदस्थापित एक दारोगा शैलेश कुमार ने जमीन विवाद में महिला की मदद करने तथा FIR दर्ज नहीं करने की बात कह 20 हजार रुपए की मांग की साथ ही कुछ अनुचित डिमांड भी किया. ऑडियो में महिला अधिकारी से कह रही है कि सर FIR नहीं कीजियेगाज मुझे बहुत डर लगता है, आप जो कहेंगे हम कर देंगे. इसके जवाब में दारोगा ने कहा कि तो रहो एक रात तो रहो... वहीं इस ऑडियो में रुपए के लेनदेन की भी चर्चा है जिसमें महिला ने कहा कि सर वह लोग हमसे अधिक पैसा दिया है क्या. हमने आपको 4 हजार रुपए दिए हैं.
जानकारी के अनुसार मामला सुगौली थाना क्षेत्र के श्रीपुर गांव का है जहां दो पड़ोसी के बीच जमीन का विवाद चल रहा है. महिला ने अपनी जमीन से अवैध कब्जा हटाने के लिए पुलिस की मदद मांगी. महिला का आरोप है कि मदद करने के एवज में उससे 20 हजार रुपए की मांग की जा रही है जिसमें उसने 4 हजार रुपए दे दिया है. वहीं वायरल ऑडियो में पुलिस अधिकारी ने एक अनुचित मांग भी कर दी.
मामले को लेकर जदयू के प्रखंड अध्यक्ष अरविंद कुशवाहा ने पुलिस डीएम से शिकायत की जिसके बाद एसपी स्वर्ण प्रभात ने दारोगा को निलंबित कर दिया है. मामले में एसपी के अनुसार, वायरल ऑडियो की विभागीय जांच कराई गई, जिसमें आरोप सही पाए गए हैं. फिलहाल उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया और आगे की कार्रवाई की जा रही है.