☰
Bihar

शॉर्ट सर्किट से धधका मकान, दो लाख नकद समेत लाखों की संपत्ति जलकर राख, बेघर हुए दो भाई

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

पूर्वी चंपारण (EAST CHAMPARAN): जिले के सुगौली प्रखंड अंतर्गत सुकुल पाकड़ पंचायत के कचहरियां टोला स्थित वार्ड संख्या-12 में शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने दो परिवारों का आशियाना उजाड़ दिया. अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया. आग की लपटें और धुएं का गुबार फैलने से घर में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई. घटना के समय परिवार के सदस्य किचन रूम में मौजूद थे. परिजनों ने आग बुझाने की काफी कोशिश की, लेकिन आग की भयावहता के सामने उनकी एक नहीं चली.

इस भीषण अग्निकांड में सुरेंद्र पंडित और उमेश पंडित, दोनों भाइयों का घरेलू सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया. घर में रखे करीब दो लाख रुपये नकद, फ्रिज, अलमारी, सूटकेस, गैस चूल्हा, अनाज, कपड़े समेत लाखों रुपये की संपत्ति आग की भेंट चढ़ गई. एक ही मकान में दोनों भाइयों के परिवारों का सामान रखा हुआ था, जिससे दोनों परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है.

अग्निशमन की टीम पहुंचने से पहले सब कुछ जलकर राख
घटना की सूचना मिलने के बाद अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग सब कुछ तबाह कर चुकी थी. इस घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है. पीड़ितों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कराकर उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.

TagsBihar