☰
Bihar

खौफ़नाक! पंचायत ने नाबालिगों को सुनाई ऐसी तालिबानी सजा, वीडियो देख दहल उठेगा कलेजा

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

मोतिहारी (MOTIHARI): पूर्वी चंपारण जिले के ढाका प्रखंड स्थित गहई पंचायत में एक नाबालिग बच्चे के साथ कथित अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है. बच्चे को रस्सी से बांधने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है. मामले में ग्राम कचहरी के सरपंच प्रतिनिधियों पर कानून हाथ में लेने का गंभीर आरोप लगाया जा रहा है.

वायरल वीडियो में एक किशोर के हाथ-पैर रस्सी से बंधे नजर आ रहे हैं. वहीं, मौके पर पंचायत बुलाए जाने और लोगों की भीड़ जुटने की भी बात सामने आई है. बताया जा रहा है कि किसी विवाद के सिलसिले में किशोर को इस तरह बांधा गया था. हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.

इस मामले ने ग्राम कचहरी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. ग्राम कचहरी को कानून के दायरे में रहकर विवादों का निपटारा करने का अधिकार है, लेकिन किसी व्यक्ति को शारीरिक रूप से बांधना या दंडित करना उसके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता. नाबालिग से जुड़े मामलों में किशोर न्याय कानून के प्रावधानों का पालन करना भी जरूरी है.

वहीं, वायरल वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. ढाका थानाध्यक्ष राज रूप ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी मिली है और वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है. वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान कर उनकी भूमिका का सत्यापन किया जाएगा. जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि नाबालिग को किन परिस्थितियों में रस्सी से बांधा गया था और इस घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे.

TagsBihar