Bihar

35 साल के युवक से कराई जा रही थी नाबालिग की शादी, पुलिस को लगी भनक तो दूल्हे समेत 4 गिरफ्तार

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

मोतिहारी (MOTIHARI):पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल में बाल विवाह की आड़ में मानव तस्करी के एक बड़े अंतरराज्यीय रैकेट का पर्दाफाश हुआ है.जहां गुप्त सूचना के आधार पर थाना पुलिस, रक्सौल प्रशासन, मानव तस्करी रोधी इकाई (AHTU), एसएसबी, प्रयास जुवेनाइल एड सेंटर और अन्य संस्थाओं की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर राजस्थान के चार लोगों को गिरफ्तार किया है.

राजस्थान का था दुल्हा

जानकारी के अनुसार, 14 वर्षीय नाबालिग लड़की की शादी राजस्थान के 35 वर्षीय व्यक्ति से कराई जा रही थी. काउंसलिंग के दौरान बच्ची ने बताया कि उसके परिजन पैसे, गहने और अन्य सामान के लालच में उसकी जबरन शादी करा रहे थे.संयुक्त टीम ने समय रहते नाबालिग का रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित संरक्षण में भेज दिया.वहीं, पुलिस ने दूल्हे समेत चारों आरोपियों के खिलाफ बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 और मानव तस्करी से संबंधित धाराओं के तहत हरैया थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली है.

मामले की जांच में जुटी है पुलिस

पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है. जांच के दौरान यह पता लगाया जा रहा है कि इस घटना के पीछे किसी संगठित अंतरराज्यीय मानव तस्करी गिरोह की भूमिका तो नहीं है साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि इससे पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया गया है या नहीं. पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क और इस पूरे रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

TagsBihar