पूर्वी चंपारण: पूर्वी चंपारण में बुधवार को सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई की और जिला डाक अधीक्षक को उनके कार्यालय से गिरफ्तार कर लिया. डाक अधीक्षक की गिरफ्तारी के बाद डाक विभाग समेत जिले के सभी विभागों में अफरातफरी का माहौल हो गया. गिरफ्तार डाक अधीक्षक को सीबीआई की टीम अपने साथ लेकर चली गई. हाल ही तबादला के बाद मोतिहारी में पदस्थापित डाक अधीक्षक एसएस सुमन को सीबीआई की टीम ने 50 हजार रुपए घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया और अपने साथ लेकर चली गई.
मिली जानकारी के अनुसार विभागीय कर्मी का निलंबन खत्म करने के एवज में डाक अधीक्षक ने 50 हजार रुपए की मांग की थी. रुपए की मांग की शिकायत निलंबित कर्मी ने सीबीआई से की जिसके बाद एक टीम गठित कर जाल बिछाया गया और उनके कार्यालय में ही रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल सीबीआई की टीम गिरफ्तार डाक अधीक्षक को पुछताछ के बाद अपने साथ लेकर चली गई. टीम ने रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली है.
विभागीय कर्मियों ने बताया कि एसएस सुमन ने हाल ही में तबादला के बाद मोतिहारी में पदभार संभाला था. उनके ऊपर आरोप है कि वह विभिन्न बहानों से विभागीय कर्मियों को निलंबित करते हैं और निलंबन मुक्त करने के एवज में मोटी रकम वसूलते हैं. बताया जा रहा है कि उनका पूर्व पदस्थापन भी विवादों में रहा है जिसकी वजह से उनका तबादला किया गया था. फिलहाल सीबीआई की टीम पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि प्रखंड क्षेत्र के तीन डाक कर्मियों को निलंबित किया था. मामले में एक डाककर्मी को निलंबन मुक्त करने के लिए 50 हजार रुपए की मांग की गई थी. यही राशि लेते हुए अब सीबीआई की विशेष टीम ने डाक अधीक्षक एसएस सुमन को गिरफ्तार कर लिया है.