पूर्वी चंपारण (EAST CHAMPARAN): बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में प्रेम-प्रसंग और शादी तय होने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया. चकिया थाना क्षेत्र के मनी छपरा बहुआरा गांव में 19 वर्षीय युवक की तलवार से हमला कर हत्या कर दी गई. गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जबकि मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है.
मृतक की पहचान फुलगेंद साह के 19 वर्षीय पुत्र सुबोध कुमार के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, सुबोध की चचेरी बहन की शादी तय हुई थी. इसी बीच पड़ोस में रहने वाले संजय साह पर आरोप है कि उसने शादी तय करने वाले लड़के पक्ष को फोन कर धमकी दी थी. उसने कथित तौर पर कहा था कि अगर यह शादी हुई तो लड़के की हत्या कर दी जाएगी.
बताया जाता है कि इस धमकी की जानकारी मिलने के बाद सुबोध मामले की सच्चाई जानने और संजय साह से बातचीत करने पहुंचा था. इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक विवाद में बदल गई. आरोप है कि इसी दौरान संजय साह ने सुबोध पर तलवार से हमला कर दिया. हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
घटना के बाद आनन-फानन में सुबोध को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी. इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेजा है.
इस मामले में मृतक के चाचा विनोद साह और भाई मुनील साह ने घटना को लेकर अपनी बात रखी है. तीन भाइयों में सबसे छोटा सुबोध की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. जिस घर में शादी की तैयारियों और खुशियों का माहौल होना था, वहां अब मातम पसरा हुआ है. फिलहाल, परिजनों के आरोपों के आधार पर पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुटी है.
