Bihar

बाढ़ में जुआ खेलन से रोकने पर हुआ विवाद, मुखिया के बेटे और भाई को बदमाशों ने मारी गोली

Varsha Varma CE
Copy Editor
बाढ़ में जुआ खेलन से रोकने पर हुआ विवाद, मुखिया के बेटे और भाई को बदमाशों ने मारी गोली

बाढ़(BARH): जिले में जुआ खेलने से रोकने और कथित चुनावी रंजिश के चलते मुखिया के बेटे और उसके भाई को गोली मार दी गई. जिससे दोनों गंभीर रुप से घायल हो गया है. घटना बाढ़ थाना अंतर्गत कोन्दी स्टैंड की है. बेढना पूर्वी पंचायत के मुखिया राजकुमार के 15 साल के बेटे साहिल कुमार और उनके 25 साल भाई पुरुषोत्तम कुमार को बदमाशों ने गोली मार दी. दोनों को गंभीर हालत में बाढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया.

साहिल बिहारशरीफ के एक निजी स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़चा है और गर्मी की छुट्टियों में अपने घर आया हुआ था. बताया जा रहा है कि वह अपने परिवार के साथ बाजार गया था. लौटने के दौरान उसने कोन्दी स्टैंड पर भीड़ देखी, जहां कुछ लोग कथित रूप से जुआ खेलवा रहे थे. जब इसका विरोध किया गया तो विवाद बढ़ गया.

घायल पुरुषोत्तम कुमार ने आरोप लगाया कि स्टैंड पर कुछ लोग अवैध वसूली और जुआ संचालन करते हैं. इसी का विरोध करने पर पहले कहासुनी हुई और फिर अचानक फायरिंग शुरू कर दी गई. इस दौरान एक गोली साहिल को लगी. जब वह उसे बचाने पहुंचे तो बदमाशों ने उन्हें भी निशाना बना लिया.

मुखिया राजकुमार ने इस हमले के पीछे चुनावी रंजिश का आरोप लगाया है. उन्होंने शिक्षक राकेश कुमार, उसके भाई राजेश कुमार उर्फ मटरू और भुल्लू यादव समेत अन्य लोगों को घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया है. उनका कहना है कि पंचायत चुनाव नजदीक होने के कारण उनके परिवार को निशाना बनाया गया है.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. इस वारदात ने इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.