Bihar

छात्र प्रदर्शन के बाद बवाल : पथराव पर पुलिस का लाठीचार्ज, 5 हिरासत में,जानिए कहां का है मामला

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor
छात्र प्रदर्शन के बाद बवाल : पथराव पर पुलिस का लाठीचार्ज, 5 हिरासत में,जानिए कहां का है मामला

दरभंगा (DARBHANGA): बिहार के दरभंगा में छात्र आंदोलन के समर्थन में निकाला गया विरोध मार्च हिंसक हो गया. प्रदर्शन खत्म होने के बाद कुछ प्रदर्शनकारी अचानक उग्र हो गए और लोहिया चौक के पास पुलिस पर पथराव करने लगे. इसके बाद हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया. देखते ही देखते पूरा इलाका रणक्षेत्र में बदल गया और लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई.

कुछ समय बाद इलाके में शांति बहाल कर दी गई

घटना की जानकारी मिलते ही डीआईजी मनोज तिवारी, जिलाधिकारी कौशल कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर स्थिति को नियंत्रित किया. कुछ समय बाद इलाके में शांति बहाल कर दी गई.

दरभंगा में स्थिति पूरी तरह सामान्य और शांतिपूर्ण

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि फिलहाल दरभंगा में स्थिति पूरी तरह सामान्य और शांतिपूर्ण है. उन्होंने कहा कि घटना के संबंध में पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है. सभी से पूछताछ की जा रही है और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

डीएम ने यह भी कहा कि प्रदर्शन के आयोजक भी भीड़ को नियंत्रित रखने में असफल रहे. प्रशासन ऐसे आयोजकों की पहचान कर रहा है. यदि जांच में उनकी लापरवाही सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

हिंसा फैलाने वाले किसी को बख्शा नहीं जाएगा

प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने और हिंसा फैलाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. पूरे मामले की जांच की जा रही है और इलाके में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि दोबारा किसी तरह की अप्रिय घटना न हो.