Bihar

दरभंगा में पुलिस को खुली चुनौती : अपराधियों ने घर लौट रहे एयरटेल कर्मी को मारी गोली, हालत गंभीर

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

दरभंगा (BIHAR) : बिहार के दरभंगा जिले में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती देते हुए एयरटेल कंपनी के एक कर्मचारी को गोली मार दी. यह घटना बहेड़ी थाना क्षेत्र के निमैठी चौक के पास हुई. घायल कर्मी की पहचान संजीव कुमार सिंह के रूप में हुई है. उन्हें गंभीर हालत में दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.

घर लौट रहे कर्मी पर वारदात

जानकारी के अनुसार, संजीव कुमार सिंह रात में अपना काम खत्म कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे. इसी दौरान पहले से घात लगाए एक बाइक पर सवार दो अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोलीबारी में दो गोलियां संजीव को लगीं. एक गोली उनके चेहरे के जबड़े के पास लगी, जबकि दूसरी गोली कंधे में जा लगी. गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.

अफरा-तफरी का माहौल बन गया

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आक्रोशित स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. सूचना मिलते ही ग्रामीण एसपी साक्षी कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं. इसके अलावा आसपास के पांच थानों की पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने स्थिति को नियंत्रित किया..

पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके.

ग्रामीण एसपी साक्षी कुमारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात को एक बाइक पर सवार दो अपराधियों ने अंजाम दिया है. पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है.

इलाके में दहशत का माहौल

वहीं, स्थानीय निवासी शम्भू कुमार सिंह ने बताया कि घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. लोगों ने पुलिस से अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को कानून के शिकंजे में लिया जाएगा.

 

TagsBihar