Bihar

दोस्त को तजया मोहर्रम जुलूस देखने को बुलाया और तलवार से कर दिए टुकड़े-टुकड़े, जानिए मौत के खौफनाक मंज़र की पूरी कहानी

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

दरभंगा (DARBHANGA): समाज के कुछ हिस्से में आज भी प्रेम विवाह करने वालों के लिए समाज के कुछ  ठेकेदार कई तरह की सजा निर्धारित करते हैं. पर बिहार के दरभंगा जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने ना सिर्फ रिश्तें, बल्कि मानवता को भी तार-तार कर दिया है. बहादुरपुर थाना क्षेत्र के ओझौल गांव में दूसरे धर्म की युवती से प्रेम विवाह करने वाले युवक पर शुक्रवार की सुबह कथित तौर पर तलवार से हमला कर हत्या कर दी गई. हत्या का आरोप बिहार पुलिस में तैनात एक दारोगा पर लगा है. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मार ली, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. मृतक की पहचान दिलीप सहनी के पुत्र सुनील सहनी के रूप में हुई है. वहीं हत्या का आरोप सानिया के चाचा और बिहार पुलिस के दारोगा मोहम्मद मोबिन पर लगा है, जो फिलहाल पटना में पदस्थापित बताए जा रहे हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.

स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब तीन वर्ष पहले सुनील सहनी ने गांव की रहने वाली सानिया से प्रेम विवाह किया था. दोनों अलग-अलग धर्म से थे. विवाह के बाद दंपति अहमदाबाद में रहने लगे थे. बताया जा रहा है कि दो दिन पहले ही दोनों गांव लौटे थे, जिसके बाद सानिया अपने मायके चली गई थी. आरोप है कि शुक्रवार सुबह करीब चार बजे मोहम्मद मोबिन ने सुनील को फोन कर ताजिया की तैयारी देखने के बहाने मंदिर के पास बुलाया. जैसे ही सुनील वहां पहुंचा, उस पर कथित तौर पर हमला कर दिया गया. आरोप है कि पहले उसके साथ मारपीट की गई और फिर तलवार से सिर और शरीर पर कई वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी मोहम्मद मोबिन और सुनील कभी अच्छे मित्र हुआ करते थे, लेकिन प्रेम विवाह के बाद दोनों के रिश्तों में खटास आ गई थी. बताया जा रहा है कि मोबिन इस शादी से नाराज था और इन दिनों छुट्टी लेकर गांव आया हुआ था. पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी ने अपनी कमर से पिस्टल निकालकर खुद को गोली मार ली. फिलहाल उसका इलाज दरभंगा के अल्लपट्टी स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गोली चलाने के लिए उसने सर्विस पिस्टल का इस्तेमाल किया या किसी अन्य हथियार का.

घटना की सूचना मिलते ही दरभंगा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामले की गहन जांच करने और फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं. साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है. फिलहाल पूरे ओझौल गांव में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. पोस्टमार्टम हाउस और घटनास्थल के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले के सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

TagsBihar