Bihar

दरभंगा में डॉक्टर के घर डकैती, महिला को बंधक बनाकर बदमाशों ने काटे बाल, इंजेक्शन देकर किया बेहोश

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

दरभंगा(DARBHANGA):बिहार के दरभंगा जिले में डॉक्टर के घर हुई सनसनीखेज डकैती से इलाके में हड़कंप मच गया. जहां बहादुरपुर थाना क्षेत्र के डरहार गांव में पांच बदमाश छत के रास्ते घर में घुसे और घर में मौजूद महिला को बंधक बनाकर लाखों रुपये की संपत्ति लूट ले गए.जानकारी के अनुसार, घटना के समय घर में 22 वर्षीय करिश्मा देवी और उनकी डेढ़ वर्षीय बच्ची ही मौजूद थीं. बदमाशों ने करिश्मा देवी के साथ मारपीट की, उनके बाल काट दिए, हाथ-पैर बांध दिए और पीठ में इंजेक्शन देकर उन्हें बेहोश कर दिया.

20 मिनट तक बदमाश घर में उत्पात मचाते रहे

 इसके बाद बदमाशों ने टीवी की आवाज तेज कर दी ताकि किसी को घटना की भनक न लगे.करीब 20 मिनट तक बदमाश घर में उत्पात मचाते रहे. उन्होंने तीन कमरों की तलाशी ली और दो गोदरेज अलमारियों का ताला तोड़कर लगभग 5 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण तथा 35 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए.

मामले की जांच कर रही है पुलिस 

घटना की सूचना मिलते ही बहादुरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने पीड़ित परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई.मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है. घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. साथ ही संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

TagsBihar