दरभंगा(DARBHANGA):बिहार में पुलिस प्रशासन का डर लोगों में किस तरह खत्म हो गया है, इसका रोजाना हमें उदाहरण देखने को मिलता है, जहां खुलेआम चोरी, हत्या, डकैती जैसे घिनौनी वारदात सामने आती हैं. अपराधी तो छोड़िए, आम लोगों में भी अब पुलिस प्रशासन का डर नहीं है. तभी तो छोटे-छोटे विवादों को लेकर लोग एक-दूसरे की जान के दुश्मन बन रहे हैं और गोलीबारी जैसे अपराधों को अंजाम दे रहे हैं. एक ऐसा ही मामला बिहार के दरभंगा जिले से सामने आया है, जहां छोटी-सी बात ने खूनी रूप ले लिया. वहीं, पड़ोसियों के बीच चाकूबाजी में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई.
पढ़िए कहां का पूरा मामला
पूरा मामला बिहार के दरभंगा के लहेरियासराय थाना क्षेत्र के खाजासराय मोहल्ले का है, जहां शनिवार की देर रात छोटी-सी बात को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया. पड़ोसियों के बीच हुई चाकूबाजी में तीन लोग घायल हो गए, जबकि गंभीर रूप से घायल एक युवक की डीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई.मृतक की पहचान दीपु सहनी के रूप में हुई है. वहीं, उसके बड़े भाई दिलीप सहनी के पेट में चाकू मारा गया, जिनका डीएमसीएच में इलाज चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. झगड़ा छुड़ाने पहुंचे मोहल्ले के अनिल कुमार मंडल पर भी हमलावरों ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ में चोट लगी.
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही एसएसपी जगुनाथ रेड्डी, सिटी एसपी समेत कई थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.देर रात एसएसपी खुद डीएमसीएच पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घायलों के इलाज की जानकारी ली. उन्होंने परिवार को मामले में पूरी तरह न्याय का भरोसा दिलाया.पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच में जुटी है.
