Bihar

पोखर में डूबने से पांचवीं कक्षा के छात्र की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

Rashmi Prasad CE
Copy Editor
पोखर में डूबने से पांचवीं कक्षा के छात्र की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

दरभंगा (DARBHANGA): जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र में रविवार को एक अनहोनी घटना हो गई जहां पांचवीं कक्षा के एक छात्र की पोखर में डूबने से मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है. बता दें, मृतक की पहचान विकास कुमार कामत के 10 वर्षीय पुत्र अविनाश कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार रविवार को अविनाश अपने मोहल्ले के चार-पांच बच्चों के साथ वार्ड स्थित भगवती पोखर में स्नान करने गया था. स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. उसके साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े.

बच्चों की चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने तुरंत पोखर में उतरकर अविनाश को बाहर निकाला. इसके बाद उसे आनन-फानन में इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) ले जाया गया. परिजनों और ग्रामीणों को उम्मीद थी कि समय रहते इलाज मिलने से उसकी जान बच जाएगी, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. यह खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया. घटना की सूचना मिलने पर बहादुरपुर थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया.

स्थानीय लोगों ने बताया कि अविनाश पांचवीं कक्षा का छात्र था और दो बहनों का इकलौता भाई था. उसके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. मां का रो-रोकर बुरा हाल है और वह बार-बार बेहोश हो जा रही हैं. परिवार के सदस्यों के साथ-साथ गांव के लोग भी इस हादसे से गहरे सदमे में हैं. एक होनहार बच्चे की अचानक हुई मौत ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है. ग्रामीणों ने प्रशासन से पोखरों और जलाशयों के आसपास सुरक्षा के बेहतर इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके.