दरभंगा: जिले में अपराधियों का मनोबल बढ़ गया है. अब किसी आम व्यक्ति नहीं बल्कि पुलिस पर ही गोली चला दी. जिसमें एक एएसआई घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा तफरी मच गई. वहीं घायल एएसआई को DMCH में भर्ती कराया गया. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंच कर जांच में जुटे है. घटना सकतपुर थाना क्षेत्र की है.
बताया जा रहा है कि एएसआई थाना से गश्ती पर निकले थे. इसी बीच सकतपुर थाना क्षेत्र के उजान गांव के पास किसी ने गोली चला दी. गोली सकतपुर थाना में तैनात ASI रणधीर कुमार के बाएं पैर में घुटने के नीचे लगी, जो आर-पार हो गई. घायल ASI को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए DMCH रेफर किया गया. फिलहाल DMCH के इमरजेंसी वार्ड में उनका इलाज चल रहा है.
बताया जा रहा है कि गस्ती के लिए ASI रणधीर कुमार पुलिस टीम के साथ उजान गांव की ओर निकले थे. इसी दौरान एक बगीचे के पास अचानक गोली चल गई और वह घायल हो गए. हालांकि गोली किसने चलाई और किस दिशा से आई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है.
घटना की सूचना मिलते ही SSP जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी समेत पुलिस के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे. FSL की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि टेक्निकल सेल की टीम भी जांच में जुटी है. फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान और गोलीबारी के पीछे की असली वजह का पता लगाने में जुटी है.
